Breaking News

यूपी में 1141 करोड़ निवेश करेगी ताइवानी कंपनी, 1150 से अधिक युवाओं को मिलेगा रोजगार

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण के क्षेत्र में बड़ा निवेश आने की उम्मीद है। ताइवान की प्रमुख टेक्नोलॉजी कंपनी क्रिएटिव सेंसर इंक. प्रदेश में 1141 करोड़ रुपये (122 मिलियन डॉलर) का निवेश कर एडवांस्ड इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सेंसर मैन्युफैक्चरिंग इकाई स्थापित करेगी। इससे 1150 से अधिक युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है। कंपनी ने वर्ष 2030 तक 250 मिलियन डॉलर के निर्यात का लक्ष्य भी रखा है।
कंपनी के चेयरपर्सन यूजीन हुआंग ने प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में निवेश का प्रस्ताव रखा। यूजीन हुआंग ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बेहतर कानून-व्यवस्था, पारदर्शी कार्यप्रणाली और निवेश अनुकूल नीतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकसित हो रहा विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा वैश्विक निवेशकों को आकर्षित कर रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रस्तावित निवेश का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश एडवांस्ड इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग का प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। निवेश करने वाले प्रत्येक उद्यमी को सुरक्षित माहौल और सरकार का पूरा सहयोग मिलेगा। उन्होंने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में विकसित हो रही 300 एकड़ की ताइवान सिटी और सेमीकंडक्टर परियोजना का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई इकाई से आईटीआई प्रशिक्षित युवाओं के लिए रोजगार के व्यापक अवसर खुलेंगे। परियोजना में स्थानीय इंजीनियरों और प्रबंधन पेशेवरों के लिए 200 से अधिक उच्च कौशल वाले पद सृजित होने की संभावना है। ताइपे मुख्यालय वाली क्रिएटिव सेंसर इंक. की स्थापना 1998 में हुई थी। कंपनी इमेज सेंसर, कैमरा, इन्फ्रारेड सेंसर मॉड्यूल और एआई आधारित इमेज प्रोसेसिंग तकनीक में विशेषज्ञता रखती है। इस निवेश से प्रदेश की वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक्स सप्लाई चेन में भागीदारी मजबूत होने की उम्मीद है।

Check Also

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरी की ऑनलाइन स्व-गणना, प्रदेशवासियों से की सहभागिता की अपील

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार गोरखपुर। जनगणना 2027 के दूसरे चरण के अंतर्गत चल रहे …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *