Breaking News

आयुष्मान अस्पतालों के आईसीयू की होगी जांच, 30 नवंबर तक देनी होगी ऑडिट रिपोर्ट

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। आयुष्मान भारत योजना के तहत सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में मरीजों की सुरक्षा और इलाज की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए योगी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश के आयुष्मान अस्पतालों में संचालित इंटेंसिव केयर यूनिट (आईसीयू) की विशेष जांच कराई जाएगी। इसके लिए स्टेट एजेंसी फॉर कॉम्प्रिहेंसिव हेल्थ एंड इंटीग्रेटेड सर्विसेज (साचीज) ने ऑडिट एजेंसियों को विस्तृत चेकलिस्ट जारी की है। सभी एजेंसियों को 30 नवंबर तक जांच रिपोर्ट सौंपनी होगी।
साचीज की सीईओ अर्चना वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर यह विशेष ऑडिट शुरू कराया गया है। जांच का आधार केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय की वर्ष 2026 की नई गाइडलाइन होगी। इसमें आईसीयू के बुनियादी ढांचे, उपकरणों, चिकित्सकों और प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ की उपलब्धता के न्यूनतम मानक निर्धारित किए गए हैं। ऑडिट के दौरान अस्पतालों में वेंटिलेटर, मल्टीपैरामीटर मॉनिटर, ऑक्सीजन सप्लाई, सक्शन सिस्टम और प्रत्येक बेड के लिए उपलब्ध स्थान की पड़ताल होगी। इसके साथ ही 24 घंटे विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता, मरीजों के अनुपात में नर्सिंग स्टाफ, प्रयोगशाला, ब्लड बैंक, एंबुलेंस और संक्रमण नियंत्रण की व्यवस्था भी जांची जाएगी।
नई गाइडलाइन में मरीजों की गंभीरता के आधार पर आईसीयू को तीन स्तरों में बांटा गया है। लेवल-1 में शुरुआती गहन देखभाल, लेवल-2 में गंभीर मरीजों को उन्नत चिकित्सा सहायता और लेवल-3 में मल्टी ऑर्गन फेल्योर जैसे अति गंभीर मामलों का उपचार शामिल है। इस ऑडिट से अस्पतालों के दावों और वास्तविक सुविधाओं के बीच अंतर सामने आएगा। साथ ही अनावश्यक आईसीयू भर्ती और फर्जी क्लेम पर भी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। सरकार का उद्देश्य आयुष्मान योजना के संसाधनों का इस्तेमाल जरूरतमंद मरीजों के सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण इलाज में सुनिश्चित करना है।

Check Also

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरी की ऑनलाइन स्व-गणना, प्रदेशवासियों से की सहभागिता की अपील

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार गोरखपुर। जनगणना 2027 के दूसरे चरण के अंतर्गत चल रहे …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *