Breaking News

मुलायम सिंह जयंती पर अखिलेश ने मेधावी छात्रों को बांटे लैपटॉप, भाजपा पर साधा निशाना

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप देकर सम्मानित किया। लखनऊ स्थित सपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में लखनऊ, सैफई, कन्नौज समेत विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। अलीगढ़ के सात विद्यार्थियों को भी लैपटॉप दिए गए।
सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों में तेजस्वनी कौशल, निशा वर्मा, रूपल जायसवाल, चित्रा सिंह, सौम्या गिरि, अंशुमान सिंह, तान्या वर्मा, मोहम्मद इफ्तिखार खान, तनु यादव, सैफी मंसूरी, प्रिंस यादव और सार्थक कुमार समेत कई मेधावी शामिल रहे। इस दौरान पूर्व में आईआईटी की छात्रा रहीं और अब शिक्षिका दीप्ति ने लैपटॉप से अपने शैक्षिक सफर और सफलता में मिली मदद के अनुभव साझा किए।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार ने शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए अभिनव स्कूलों की शुरुआत की थी। लखनऊ और सैफई में बने इन स्कूलों का बुनियादी ढांचा निजी स्कूलों से भी बेहतर था, लेकिन भाजपा सरकार ने इन्हें बर्बाद कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने युवाओं को लैपटॉप देने के बजाय टैबलेट के नाम पर निराश किया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर समय और जरूरत के मुताबिक शिक्षा व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। लखनऊ में आईटी सिटी और एचसीएल जैसी परियोजनाओं के जरिए युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए। आज अच्छे विश्वविद्यालयों और प्रशिक्षण संस्थानों की जरूरत है।
अखिलेश ने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने की अपील की। उन्होंने भाजपा पर शिक्षा संस्थानों को बंद करने, नफरत और भेदभाव की राजनीति करने का आरोप भी लगाया।

Check Also

रालोद प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह का जन्मदिन धूमधाम से मना

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह का …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *