– व्यक्तिगत कारणों का दिया हवाला, मतदाता सूची की अपीलों के भारी बोझ और व्यवस्था पर पहले भी उठ चुके हैं सवाल
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर विवाद के बीच अपीलीय ट्रिब्यूनल से एक और पूर्व न्यायाधीश ने इस्तीफा दे दिया है। कलकत्ता हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश बिश्वजीत बसु ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए ट्रिब्यूनल से खुद को अलग कर लिया है। वह 19 सदस्यीय अपीलीय ट्रिब्यूनल छोड़ने वाले चौथे पूर्व न्यायाधीश हैं।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर पश्चिम बंगाल में एसआईआर से संबंधित अपीलों की सुनवाई के लिए इन ट्रिब्यूनलों का गठन किया गया था। इनका उद्देश्य मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान नाम हटाए जाने या अन्य आपत्तियों से जुड़े मामलों की सुनवाई करना है। लेकिन लगातार न्यायाधीशों के इस्तीफे से इस व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं।
बिश्वजीत बसु से पहले टीएस शिवगणनम, रंजीत कुमार बाग और इंद्रजीत चटर्जी भी ट्रिब्यूनल से इस्तीफा दे चुके हैं। बताया जा रहा है कि बुनियादी सुविधाओं की कमी, लॉग-इन प्रक्रिया में दिक्कतों और अपीलों की बड़ी संख्या के कारण न्यायाधीशों को कामकाज में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उधर, पश्चिम बंगाल में एसआईआर के तहत लाखों मतदाताओं के नाम हटाए जाने और प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर राजनीतिक विवाद जारी है। ऐसे में लगातार चार पूर्व न्यायाधीशों का ट्रिब्यूनल छोड़ना चुनाव आयोग की तैयारियों और अपीलों के निस्तारण की व्यवस्था पर नए सवाल खड़े कर रहा है। हालांकि, बिश्वजीत बसु ने अपने इस्तीफे के लिए व्यक्तिगत कारण ही बताए हैं।