Breaking News

महाशिवरात्रि पर काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन की विशेष तैयारी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी) / अजय कुमार
वाराणसी: महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में आयोजित होने वाली आरतियों की समय-सारिणी एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंदिर प्रशासन ने विस्तृत सूचना जारी की है। इस अवसर पर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए दर्शन, पूजा एवं सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम किए गए हैं, ताकि सभी भक्त सुगमता और श्रद्धा के साथ बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर सकें।
मंदिर प्रशासन के अनुसार महाशिवरात्रि पर भगवान श्री काशी विश्वनाथ की पूजा-अर्चना एवं आरतियाँ पारंपरिक विधि-विधान से संपन्न होंगी। मंगला आरती के अंतर्गत प्रातः 02:15 बजे पूजा आरंभ होगी, 03:15 बजे आरती संपन्न की जाएगी तथा 03:30 बजे से श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट खोल दिए जाएंगे। वहीं मध्याह्न भोग आरती के लिए 11:40 बजे पूजा आरंभ होकर 12:20 बजे संपन्न होगी।
महाशिवरात्रि की विशेषता चारों प्रहर की आरतियाँ हैं। प्रथम प्रहर में रात्रि 09:30 बजे शंखनाद के साथ पूजा की तैयारी आरंभ होगी तथा 10:00 बजे से 12:30 बजे तक आरती चलेगी। द्वितीय प्रहर की आरती 01:30 बजे से 02:30 बजे तक, तृतीय प्रहर की आरती 03:30 बजे से 04:30 बजे तक तथा चतुर्थ प्रहर की आरती 05:00 बजे से 06:15 बजे तक संपन्न होगी। चारों प्रहर में झांकी दर्शन श्रद्धालुओं के लिए सतत रूप से जारी रहेगा।
सुरक्षा व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए श्री काशी विश्वनाथ धाम परिसर में पेन, मोबाइल फोन, बैग, डिजिटल या स्मार्ट घड़ी, तंबाकू, पॉलिथीन, प्लास्टिक की पानी की बोतल सहित अन्य प्रतिबंधित वस्तुएँ लाना पूर्णतः निषिद्ध रहेगा। प्रतिबंधित सामग्री के साथ प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
मंदिर प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, प्रशासन का सहयोग करें और महाशिवरात्रि पर्व को श्रद्धा, शांति एवं अनुशासन के साथ संपन्न कराने में योगदान दें।
॥ श्री काशीविश्वनाथो विजयतेतराम् ॥

Check Also

सनातन परंपरा के पथ पर पंचकोशी यात्रा, काशी की सेवा ही मेरा परम धर्म : अजय राय

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार वाराणसी/लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES