Breaking News

मेरठ स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी निरीक्षण के दौरान सीएम योगी का सोम को पीछे कर दिनेश को आगे करना चर्चा का विषय बना

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मेरठ दौरे के दौरान स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के निरीक्षण के समय किया गया एक इशारा राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया। प्रदेश की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने मॉडल देखने के दौरान राज्य मंत्री दिनेश खटीक को आगे बुलाने और पूर्व मंत्री संगीत सोम को पीछे हटने का संकेत दिया, जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने खासा नोटिस किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को हेलीकॉप्टर से सरधना के सालवा स्थित मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय पहुंचे। उन्होंने निर्माणाधीन परिसर का जायजा लिया और अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि विश्वविद्यालय के निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और सभी कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। निरीक्षण के दौरान विश्वविद्यालय का लोगो, ध्वज और यूनिफॉर्म भी लॉन्च की गई। जब मुख्यमंत्री विश्वविद्यालय के मॉडल को देख रहे थे, उस समय उनके समीप संगीत सोम मौजूद थे। इसी दौरान मुख्यमंत्री ने इशारे में मंत्री को आगे आने देने की बात कही और संगीत सोम को पीछे हटने का संकेत दिया। इसके बाद हस्तिनापुर से विधायक एवं राज्य मंत्री दिनेश खटीक को आगे बुलाया गया। मुख्यमंत्री का यह संकेत वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरठ में बन रही स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी प्रदेश और देश के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी। उन्होंने कहा कि मेरठ क्रांति की धरती रहा है और यहां खेलों की समृद्ध परंपरा रही है। सरकार का लक्ष्य है कि यह विश्वविद्यालय वर्ल्ड क्लास बने और यहां से अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार हों। मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश भी दिए।

Check Also

गणतंत्र दिवस पर संविधान के साथ नदियों की सुरक्षा का संकल्प जरूरी: अखिलेश यादव

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमारलखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 77वें …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES