Breaking News

एक घंटे में 2.51 लाख पौधे रोपकर काशी ने बनाया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
वाराणसी/लखनऊ। काशी ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में विश्व कीर्तिमान स्थापित किया है। वाराणसी के सुजाबाद डोमरी क्षेत्र में आयोजित वृहद पौधरोपण कार्यक्रम के दौरान एक घंटे में 2,51,446 पौधे रोपकर चीन के आठ वर्ष पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया गया।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि की पुष्टि के लिए Guinness World Records की टीम मौके पर मौजूद रही। ड्रोन कैमरों और डिजिटल गणना तंत्र से सटीक आंकड़ों के सत्यापन के बाद जज ऋषिनाथ ने नए विश्व रिकॉर्ड की औपचारिक घोषणा की और प्रमाणपत्र महापौर अशोक कुमार तिवारी तथा नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को सौंपा। वर्ष 2018 में चीन के हेनान प्रांत में 1,53,981 पौधे लगाकर बनाया गया रिकॉर्ड अब काशी के नाम दर्ज हो गया है। सुजाबाद डोमरी के 350 बीघा क्षेत्र में विकसित इस ‘शहरी वन’ को 60 सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जिनका नाम काशी के प्रमुख गंगा घाटों पर रखा गया है। प्रत्येक सेक्टर में लगभग चार हजार पौधे लगाए गए हैं। शीशम, अर्जुन, सागौन और बांस सहित 27 देशी प्रजातियों के साथ फलदार और औषधीय पौधों को भी प्राथमिकता दी गई है। मियावाकी तकनीक के माध्यम से विकसित यह वन आगामी दो से तीन वर्षों में सघन ‘ऑक्सीजन बैंक’ का स्वरूप लेगा। इस महाअभियान में सेना की विभिन्न इकाइयों, एनडीआरएफ, सीआरपीएफ, पीएसी, नमामि गंगे, वन विभाग, नगर निगम, एनसीसी और एनएसएस के हजारों स्वयंसेवकों व विद्यार्थियों ने भागीदारी की। पौधों की सिंचाई के लिए 10,827 मीटर लंबी पाइपलाइन, 10 बोरवेल और 360 रेन गन सिस्टम स्थापित किए गए हैं।
महापौर ने इसे आध्यात्मिक चेतना और पर्यावरणीय उत्तरदायित्व का संगम बताते हुए कहा कि काशी अब हरित विकास के वैश्विक मानचित्र पर नई पहचान बना चुकी है।

Check Also

मुंबई नगर निगम चुनाव से पहले सियासत गर्म, कांग्रेस बोली- भाजपा केवल चुनाव में याद करती है बांग्लादेशी घुसपैठियों को

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमारमुंबई । मुंबई में आगामी नगर निगम चुनाव से पहले …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES