Breaking News

होली पर 2 से 4 मार्च तक ग्राम पंचायतों में विशेष स्वच्छता अभियान, डीएम-सीडीओ करेंगे निगरानी : योगी आदित्यनाथ, मुख्यमंत्री

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। होली पर्व को देखते हुए योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत 2 से 4 मार्च तक पूरे उत्तर प्रदेश में व्यापक सफाई और सैनिटाइजेशन अभियान संचालित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को त्योहार के दौरान स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने को कहा है। सभी जिलाधिकारियों और मुख्य विकास अधिकारियों को अभियान की मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अभियान के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यक्रम स्थलों, घाटों, तालाबों, अमृत सरोवरों और अन्य सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही फॉगिंग और एंटी लार्वा छिड़काव भी कराया जाएगा, ताकि मच्छर जनित रोगों की रोकथाम हो सके। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि होलिकोत्सव से पहले और बाद, दोनों अवधियों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए तथा अपशिष्ट पदार्थों का समुचित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
पंचायतीराज विभाग के निदेशक अमित कुमार सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायतों में निर्मित रूरल रिसोर्स सेंटर पर कचरा एकत्र कर वैज्ञानिक तरीके से उसका निपटान किया जाएगा। जलभराव वाले स्थानों की पहचान कर स्थायी समाधान के तहत जल निकासी की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं, जिससे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों की आशंका को कम किया जा सके। नदी, तालाब और सरोवरों के घाटों की मरम्मत, रंगाई-पुताई और सुरक्षा इंतजाम की जिम्मेदारी संबंधित ग्राम पंचायतों को सौंपी गई है। शासन स्तर से इस पूरे अभियान की सतत निगरानी की जाएगी, ताकि होली का त्योहार स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।

Check Also

अफवाह फैलाने वालों पर सख्त होगा एक्शन, लेखपाल परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने लेखपाल …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES