– आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित एक कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनके लिए निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महिला एवं बाल विकास विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव लीना जौहरी मौजूद रहीं, जिन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सम्मानित किया।
यह कार्यक्रम स्वयंसेवी संस्था सेसमी वर्कशॉप इंडिया ट्रस्ट द्वारा मैरिको लिमिटेड के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम निहार शांति पाठशाला फनवाला (मैरिको सीएसआर पहल) के अंतर्गत समर्थित है। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा स्थानीय स्तर पर बच्चों के लिए तैयार किए गए लर्निंग मटेरियल का एक स्टॉल भी लगाया गया, जिसे उपस्थित अतिथियों ने सराहा।
मुख्य अतिथि लीना जौहरी ने अपने संबोधन में कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक शिक्षा को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और पोषण से जुड़े किसी भी कार्यक्रम की धुरी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां ही होती हैं और यह कार्यक्रम उनके योगदान को सम्मानित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। सेसमी वर्कशॉप इंडिया ट्रस्ट की मैनेजिंग ट्रस्टी सोनाली खान ने बताया कि बहराइच जिले में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के साथ प्रारंभिक बाल विकास कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत जिले के 100 आंगनबाड़ी केंद्रों में छोटे बच्चों के लिए फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी को सशक्त बनाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार और विकास साझेदारों के सहयोग से आंगनबाड़ी केंद्रों में प्रारंभिक शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में बहराइच की 30 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्री-स्कूल शिक्षा को बढ़ावा देने, अभिभावकों की सहभागिता बढ़ाने और बच्चों के समग्र विकास में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया, जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की स्वास्थ्य जांच की गई। कार्यक्रम में उपनिदेशक सेराज अहमद, मैरिको लिमिटेड के सीएसआर मैनेजर सत्या नायडू तथा सीडीपीओ हुजूरपुर विमल सिंह सहित कई लोग उपस्थित रहे।