– 19 करोड़ रुपये होंगे खर्च
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को बड़ी राहत देने जा रही है। अब उन्हें हर साल एक अतिरिक्त साड़ी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे निर्धारित वेशभूषा में ड्यूटी करने के दौरान होने वाली परेशानियां दूर होंगी। महिला एवं बाल विकास विभाग ने इस व्यवस्था को लागू करने की तैयारी तेज कर दी है। इसके लिए 19 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि जल्द जारी किए जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
प्रदेश में 1,90,145 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के इतने ही पद स्वीकृत हैं। इस तरह कुल 3,80,290 कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को इस फैसले का लाभ मिलेगा। प्रति साड़ी 500 रुपये की दर से अतिरिक्त साड़ी उपलब्ध कराने पर कुल 19 करोड़ एक लाख 45 हजार रुपये खर्च होने का अनुमान है। महिला एवं बाल विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव लीना जौहरी के अनुसार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की जिम्मेदारी बच्चों के पोषण, गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और किशोरियों से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराने की है। उन्हें केंद्रों पर काम करने के साथ क्षेत्र में भी नियमित रूप से जाना पड़ता है। ऐसे में निर्धारित वर्दी की पर्याप्त उपलब्धता जरूरी है।
मौजूदा व्यवस्था के तहत केंद्र और राज्य सरकार के 60:40 के अनुपात में प्रतिवर्ष दो साड़ियां उपलब्ध कराई जाती हैं। अब अतिरिक्त साड़ी मिलने से कपड़े की धुलाई, खराब मौसम या साड़ी के गंदे होने पर दूसरी वर्दी की कमी नहीं होगी। इससे कार्यकर्ताओं को नियमित कामकाज में सहूलियत मिलेगी। सरकार का उद्देश्य आंगनबाड़ी सेवाओं को बेहतर बनाने के साथ कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की कार्य संबंधी जरूरतों को पूरा करना है। विभाग अब धनराशि जारी करने और वितरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में जुटा है।