वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। ऐशबाग स्थित जिला प्रशिक्षण केंद्र में गुरुवार को राष्ट्रीय कब-बुलबुल उत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। पूर्वोत्तर रेलवे के भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, लखनऊ मंडल की ओर से आयोजित पांच दिवसीय उत्सव में दस राज्यों के करीब 270 कब-बुलबुल और उनके लीडर्स हिस्सा ले रहे हैं। 26 अक्टूबर तक चलने वाले इस उत्सव का उद्देश्य बच्चों में अनुशासन, सेवा भावना, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता विकसित करना है।
कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने किया। इस दौरान नन्हे-मुन्ने कब और बुलबुल ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। बच्चों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया। प्रस्तुतियों के दौरान परिसर उत्साह और उल्लास से सराबोर रहा।
समारोह में मंडल महिला संगठन की अध्यक्ष श्रुति गुप्ता, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रास्ट्रक्चर) भुवनेश सिंह और अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नीतू मौजूद रहीं। जिला आयुक्त स्काउट विजय आनंद वर्मा, जिला आयुक्त गाइड डॉ. रंजन पाटनी और राष्ट्रीय मुख्यालय की डिप्टी डायरेक्टर, गाइड प्रोग्राम सुरेखा श्रीवास्तव ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। अतिथियों ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे उनमें सहयोग, रचनात्मकता, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत होती है।
उत्सव के दौरान विभिन्न शैक्षिक, सांस्कृतिक, रचनात्मक और मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। प्रतिभागियों को अलग-अलग राज्यों की संस्कृति और परंपराओं को जानने, अनुभव साझा करने और नई मित्रताएं विकसित करने का अवसर मिलेगा। रेलवे प्रशासन ने बच्चों के व्यक्तित्व विकास के लिए स्काउटिंग एवं गाइडिंग गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता जताई।