Breaking News

वन विभाग के नवचयनित वन रक्षक एवं वन्य जीव रक्षक तथा अवर अभियन्ताओं को नियुक्ति पत्र वितरित

– फैक्ट्रियों, कारखानों, म्युनिसिपल कॉरपोरेशन तथा अन्य संस्थाओं को नदियों को प्रदूषणमुक्त करने वाले प्रयासों को अपनाने के लिए तैयार करना होगा
– उ0प्र0 पहला राज्य, जिसने मानव वन्य-जीव संघर्ष को आपदा घोषित किया
वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/ अजय कुमार वर्मा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि नये भारत का नया उत्तर प्रदेश प्रधानमंत्री के विजन के अनुसार भारत के विकास का ग्रोथ इंजन बनकर देश के विकास में अपना योगदान दे रहा है। राज्य को 01 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना प्रत्येक विभाग की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री आज यहां लोक भवन में आयोजित वन विभाग के नवचयनित 647 वन रक्षक एवं वन्य जीव रक्षक तथा उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के नवचयनित 41 अवर अभियन्ताओं के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किये। अभ्यर्थियों ने निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने नवचयनित अभ्यर्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मिशन रोजगार के अन्तर्गत निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से आज वन विभाग तथा उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के 688 पदों के लिए नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम सम्पन्न हो रहा है। इसमें 124 बेटियां सम्मिलित हैं। यह भर्ती प्रक्रिया उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया से लेकर नियुक्ति पत्र वितरण की प्रक्रिया तक अभ्यर्थियों को कहीं भी सिफारिश की आवश्यकता नहीं पड़ी। प्रदेश सरकार नवचयनित अभ्यर्थियों से निष्पक्ष एवं ईमानदारी के साथ कार्य करने की अपेक्षा करती है। प्रदेश में ऐसे लोगों के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई की गई है। परिणामस्वरूप प्रदेश में वनाच्छादन में वृद्धि हुई है तथा बाघ, तेंदुआ सहित अन्य वन्य जीवों की संख्या भी बढ़ी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल का बेहतरीन स्रोत प्रदान करने वालीं ज्यादातर नदियों का अस्तित्व आज खतरे में दिखाई दे रहा है। प्रधानमंत्री ने देश की सबसे पवित्रम गंगा नदी को अविरल बनाने के लिए नमामि गंगे कार्यक्रम का शुभारम्भ किया था। इसके अच्छे परिणाम सामने आए हैं। जनसहभागिता के माध्यम से फैक्ट्रियों, कारखानों, म्युनिसिपल कॉरपोरेशन तथा अन्य संस्थाओं को नदियों को प्रदूषणमुक्त करने वाले प्रयासों को अपनाने के लिए तैयार करना होगा। इन प्रयासों के माध्यम से प्रकृति तथा पर्यावरण को बचाने में सफलता प्राप्त होगी। इस कार्य में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड बड़ी जिम्मेदारी का निर्वहन कर सकता है। इसके 41 अवर अभियन्ताओं को भी आज यहां नियुक्ति पत्र वितरित किया जा रहा है। कार्यक्रम में मिशन रोजगार से सम्बन्धित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम को वन, पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अरुण कुमार सक्सेना ने भी सम्बोधित किया। मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने स्वागत उद्बोधन किया। इस अवसर पर वन, पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री के0पी0 मलिक, अपर मुख्य सचिव वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मनोज सिंह, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एवं सूचना संजय प्रसाद, प्रधान मुख्य वन संरक्षक सुधीर कुमार शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Check Also

कुँवर मानवेन्द्र सिंह ने महानवमी एवं विजयदशमी के पावन पर्व पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं दी

वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/ अजय कुमार वर्मा लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद् के सभापति कुँवर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES