Breaking News

बिरला ने कच्ची बस्ती में बच्चों को भेंट किए वस्त्र और उपहार, बांटी दीपावली की खुशियां

वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/ अजय कुमार वर्मा
कोटा। अपनों के बीच दीपोत्सव का पर्व मनाने पहुंचे लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने पिछले वर्षों की तरह इस बार भी कच्ची बस्ती में रह रहे वंचित परिवारों के बच्चों के साथ दीपावली की खुशियां बांटी। स्पीकर बिरला शाम को श्रीनाथपुरम में हाड़ी रानी सर्किल के पास कच्ची बस्ती पहुंचे, बिरला को आता देख नन्हे बच्चे दौड़-दौड़े उनके पास आ पहुंचे। स्पीकर बिरला ने सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ बच्चों को नए कपडे, जूते-चप्पल व मिठाई भेंट की। दीपावली से पहले यह उपहार पाकर जहां बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे, वहीं बच्चों को प्रसन्न देख परिजनों के मन में आनन्द व संतोष का भाव नजर आया। यही नजारा थोड़ी दूर स्थित एक अन्य बस्ती में भी नजर आया। बिरला ने करीबन 1 घंटा बच्चों के साथ बिताया, इस दौरान उन्होंने खुद एक-एक बच्चे को जूते पहनाए।
’दीपावली संकल्प का पर्व:
स्पीकर बिरला ने कहा कि दीपावली संकल्पों का भी पर्व है, हम स्वयं उत्साह और उमंग से त्यौहार मनाएं लेकिन अपने आस-पास जहां भी जरूरतमंद परिवार नजर आए, उन्हें भी खुशियों में शामिल करें। युवा साथी ग्रुप बनाकर किसी बच्चे को शिक्षा से जोड़ने का प्रयास करें ताकि उनके जीवन में भी शिक्षा का उजियारा लाया जा सके।
बिरला ने दीपावली की पूर्व संध्या पर कोटा-बून्दी संसदीय क्षेत्र के नागरिकों के लिए वीडियो संदेश जारी कर प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि दीपावली हमारी उत्सवधर्मी संस्कृति का प्राण पर्व है। माँ लक्ष्मी और भगवान श्री गणेश के आशीष से दीपोत्सव पर जीवन के सभी अंधकारों का नाश हो। राष्ट्र और समाज में समृद्धि व संपन्नता का दीप और अधिक प्रकाशमान हो, मेरी यह प्रार्थना है। उन्होंने कहा कि दीपावली पर जिस तरह हम अपने घरों में सफाई कर स्वच्छ बनाते है उसी तरह अपने मोहल्ले व गली को स्वच्छ रखने का सभी संकल्प लें। जब किसी अभियान में जनता की भागीदारी होती है तो वो अभियान एक आंदोलन बन जाता है और उसके परिणाम भी बेहतर होते हैं। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला गुरूवार सुबह 10 बजे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती मरीजों व तीमारदारों से मिलेंगे। वे उनके स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं देंगे। उसके उपरान्त स्पीकर बिरला अस्पताल प्रबन्धन के साथ बैठक करेंगे।

Check Also

PRASHAD योजना से तीर्थ स्थलों का विकास, धार्मिक पर्यटन को मिल रही नई गति

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार गुवाहाटी। ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *