Breaking News

पीलीभीत में वोटर लिस्ट में गड़बड़ी पर बड़ी कार्रवाई, दो एसडीएम समेत तीन पर एफआईआर

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची में गड़बड़ी सामने आने पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में दो एसडीएम और एक कंप्यूटर ऑपरेटर समेत तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक कुमार ने इसकी पुष्टि की। निर्वाचन अधिकारियों को जिले की सभी विधानसभा सीटों की मतदाता सूचियों की गहन जांच कर दो दिन में विस्तृत रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।
मामला पीलीभीत सदर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची से जुड़ा है। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा को शिकायत मिली थी कि ऑनलाइन पोर्टल पर मतदाता पहचान पत्र (EPIC) नंबर दर्ज करने पर किसी दूसरे मतदाता का विवरण दिखाई दे रहा है। जांच में शिकायत की पुष्टि होने के बाद संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
निर्वाचन अधिकारियों को मतदाता सूची में सामने आई गड़बड़ियों को तत्काल दुरुस्त करने के लिए कहा गया है। संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और वीआरसी ऑपरेटर को मतदाता सूची से जुड़े कार्यों से हटाने के निर्देश भी दिए गए हैं। जिम्मेदार लोगों के खिलाफ जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 32 और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करने को कहा गया है। इससे पहले कांग्रेस ने पीलीभीत सदर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर हेरफेर का आरोप लगाया था। पार्टी का दावा था कि 13,150 मतदाताओं के नाम बदल दिए गए, जबकि उनके ईपीआईसी नंबर और क्रम संख्या समान रहे। इसके अलावा 884 मतदाताओं के नाम हटाने और करीब 2,600 ऐसे लोगों के नाम जोड़ने का आरोप लगाया गया था, जो कथित तौर पर संबंधित क्षेत्र में नहीं रहते।
निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अब प्रदेश के अन्य जिलों में भी मतदाता सूचियों की जांच कर दो दिन के भीतर रिपोर्ट देने को कहा गया है। इस कार्रवाई से मतदाता सूची की शुद्धता और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर बढ़ा है।

Check Also

किसानों के मुद्दों पर लोकदल मुखर, एक नवंबर की महारैली में जुटेंगे किसान

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। किसानों की समस्याओं, फसलों के लाभकारी मूल्य, महंगाई और …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *