Breaking News

कानपुर के विद्यार्थियों ने देखी विधानसभा, अध्यक्ष सतीश महाना से सीखा लोकतंत्र का पाठ

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रत्यक्ष रूप से समझने और संसदीय परंपराओं से परिचित होने के उद्देश्य से कानपुर जनपद के द जैन इंटरनेशनल स्कूल, मैनावती मार्ग तथा सुरजन सिंह इंटर कॉलेज, महाराजपुर के छात्र–छात्राओं का एक संयुक्त दल उत्तर प्रदेश विधान सभा के शैक्षिक भ्रमण पर पहुँचा। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों में लोकतंत्र को जानने और समझने का उत्साह स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। छात्र–छात्राओं ने विधान सभा अध्यक्ष श्री सतीश महाना से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर अध्यक्ष ने सरल और प्रभावी शब्दों में विधान सभा की कार्यप्रणाली, उसकी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और संवैधानिक भूमिका की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विधान सभा जनआकांक्षाओं की अभिव्यक्ति का सर्वोच्च मंच है, जहां संवाद, विमर्श और सहमति के माध्यम से लोकतंत्र को दिशा दी जाती है।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने प्रश्नकाल, विधायी प्रक्रिया, सदन की कार्यवाही, अनुशासन और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों से जुड़े कई सवाल पूछे। अध्यक्ष श्री महाना ने सभी प्रश्नों का धैर्यपूर्वक उत्तर देते हुए उदाहरणों के माध्यम से उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। उनके मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक संस्थाओं की भूमिका को समझने का अवसर मिला।
विधान सभा अध्यक्ष ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जागरूक, शिक्षित और कर्तव्यनिष्ठ नागरिक ही लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे अध्ययन के साथ संवैधानिक मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रहित को अपने जीवन में अपनाएं। यह शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी अनुभव सिद्ध हुआ। विद्यार्थियों ने कहा कि इस यात्रा ने उन्हें लोकतंत्र से जुड़ने और भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

Check Also

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस व होली उत्सव पर आईएमए में जुटे चिकित्सक, महिला डॉक्टरों को मिला सम्मान

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) लखनऊ और लखनऊ ऑब्स्टेट्रिक्स …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES