Breaking News

केंद्रीय बजट 2026-27 को भाजपा ने बताया सशक्त और विकसित भारत का आधार

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को केंद्रीय बजट 2026-27 को प्रदेश भाजपा मुख्यालय सहित सभी जिला केंद्रों और मंडलों पर सामूहिक रूप से सुना। राजधानी लखनऊ स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह की उपस्थिति में बड़ी संख्या में विभिन्न वर्गों के लोगों ने बजट का सजीव प्रसारण देखा। इस दौरान साहित्यकारों, चिकित्सकों, शिक्षकों, अधिवक्ताओं, व्यापारियों, उद्यमियों, खिलाड़ियों, छात्रों, महिलाओं, सीए, सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने केंद्रीय बजट को गरीब, किसान, युवा, महिला, मध्यम वर्ग और उद्यमियों के सशक्तिकरण की स्पष्ट दिशा दिखाने वाला बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का अभिनंदन करते हुए कहा कि यह बजट युवाओं के सपनों को उड़ान देने, किसानों के विश्वास को मजबूत करने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में निर्णायक भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को ठोस आधार देने वाला यह बजट आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार करने वाला विजन दस्तावेज है, जो देश को आर्थिक और सामरिक रूप से मजबूत करेगा।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बजट का स्वागत करते हुए कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन के अनुरूप यह बजट गरीब और वंचित वर्ग के आर्थिक व सामाजिक उत्थान को केंद्र में रखता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की नीतियां सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए समर्पित हैं। केंद्रीय बजट 2026-27 भारत को विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में मजबूत आधार प्रदान करेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि बजट की भावना को जन-जन तक पहुंचाया जाए।
इस अवसर पर भाजपा मध्य प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, प्रदेश मीडिया सहप्रभारी हिमांशु दुबे, प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला, आलोक अवस्थी, एमएलसी पवन सिंह चौहान, सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी और विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Check Also

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस व होली उत्सव पर आईएमए में जुटे चिकित्सक, महिला डॉक्टरों को मिला सम्मान

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) लखनऊ और लखनऊ ऑब्स्टेट्रिक्स …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES