Breaking News

लखनऊ में जुटेगा रालोद कुनबा, जयंत चौधरी देंगे 2027 की रणनीति का संदेश

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने उत्तर प्रदेश में संगठन विस्तार और राजनीतिक सक्रियता बढ़ाने की कवायद तेज कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह 30 अगस्त को लखनऊ पहुंचेंगे। गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में उनकी मौजूदगी में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण संगठनात्मक एवं विचार-विमर्श बैठक होगी। इस दौरान जयंत चौधरी आगामी चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति और संगठन की दिशा पर कार्यकर्ताओं को संदेश देंगे।
रालोद के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा ने प्रदेश मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में बताया कि कार्यक्रम में बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने, कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने और प्रदेश के सभी क्षेत्रों में पार्टी की सक्रियता बढ़ाने पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि 30 अगस्त का कार्यक्रम संगठन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है।
अनुपम मिश्रा के मुताबिक पार्टी लगातार सामाजिक विस्तार पर जोर दे रही है। ब्राह्मण समाज के साथ ही सवर्ण समाज के कई प्रमुख राजनीतिक और सामाजिक चेहरे अपने समर्थकों के साथ 30 अगस्त को रालोद की सदस्यता ग्रहण करेंगे। पूर्वांचल समेत प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में लोगों के लखनऊ पहुंचने का दावा किया गया है। उन्होंने कहा कि रालोद अब किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ पूर्वांचल, मध्यांचल और बुंदेलखंड में भी संगठन को मजबूत किया जा रहा है। युवाओं और Gen-Z को राजनीति में आगे बढ़ाने तथा उन्हें जिम्मेदारी देने पर भी पार्टी नेतृत्व का विशेष जोर है।
अनुपम मिश्रा ने संगठन में जवाबदेही को प्राथमिकता देने का दावा करते हुए कहा कि हाल में क्षेत्रीय अध्यक्षों की बैठक में लिखित परीक्षा भी कराई गई। उन्होंने कहा कि पार्टी 2027 के लिए पूरी ताकत से तैयार हो रही है और 30 अगस्त का आयोजन इसी अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी है। प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह बताया।

Check Also

JPNIC को लेकर अखिलेश का भाजपा पर हमला, बोले- लोकनायक के स्मारक से भी मुनाफा कमाना चाहती है सरकार

– संपूर्ण क्रांति का विचार आज भी प्रासंगिक – अखिलेश यादव – ‘लोकनायक के स्मारक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *