Breaking News

काशी में गौमाता को समर्पित रही देवदीपावली, दीपों से उकेरी गई गोसेवा की तस्वीर

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
वाराणसी। काशी में इस बार देवदीपावली गौमाता को समर्पित रही। कार्तिक पूर्णिमा पर शंकराचार्य घाट स्थित श्रीविद्यामठ में गौदेवदीपावली मनाकर संतों, भक्तों और वैदिक विद्यार्थियों ने गौरक्षा का संदेश दिया। ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में गौमाता के संरक्षण और सम्मान का संकल्प लिया गया।
शंकराचार्य के मीडिया प्रभारी संजय पाण्डेय ने बताया कि श्रीविद्यामठ के प्रभारी ब्रह्मचारी परमात्मानंद के सान्निध्य में आयोजित कार्यक्रम में रंगोली और दीपों के माध्यम से बछड़े को दूध पिलाती गौमाता की आकर्षक आकृति बनाई गई। इसके जरिए गौमाता के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को रेखांकित किया गया।
आयोजकों ने कहा कि सनातन परंपरा में गौमाता को 33 कोटि देवी-देवताओं का आश्रय माना गया है। काशी की देवदीपावली के अवसर पर गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और गौमाता को राष्ट्रमाता एवं राज्यमाता घोषित करने की मांग उठाई गई। शंकराचार्य के संदेश का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा में घर की पहली रोटी गौमाता को समर्पित करने की परंपरा उनके महत्व को दर्शाती है।
कार्यक्रम में मौजूद संतों, भक्तों और वैदिक विद्यार्थियों ने गौमाता के जयकारे लगाए और गोकशी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की सरकार से मांग की। इस अवसर पर साध्वी पूर्णांबा दीदी, रमेश उपाध्याय, हजारी कीर्ति शुक्ला, सुनील शुक्ला, केके द्विवेदी, शिवाकांत मिश्रा और दीपेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Check Also

कोहरे में यमुना एक्सप्रेसवे पर अब 75 की रफ्तार से दौड़ेंगे वाहन

– 25 नवंबर से 15 फरवरी तक लागू रहेगी नई गति सीमा, फॉग लाइट और …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *