वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश मुख्यालय में गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह की अध्यक्षता में कार्यकर्ता बैठक हुई। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय महासचिव संगठन त्रिलोक त्यागी ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर पूर्वांचल तक कार्यकर्ताओं में उत्साह और ऊर्जा है। उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत बूथ स्तर पर सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं से बनती है। इसलिए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना प्राथमिकता है।
त्रिलोक त्यागी ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने किसान, मजदूर, ग्रामीण समाज और आम आदमी के हितों को राजनीति के केंद्र में रखा। राष्ट्रीय लोकदल उसी विचारधारा को आगे बढ़ा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह के नेतृत्व में संगठन के विस्तार के प्रयास जारी हैं। उन्होंने पदाधिकारियों से नियमित बैठकें कर कार्यकर्ताओं से संवाद बढ़ाने और गांव-कस्बों में जनता की समस्याओं को समझकर उन्हें प्रभावी ढंग से उठाने का आह्वान किया।
प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह ने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं। युवाओं, किसानों, महिलाओं और श्रमिकों के बीच संवाद बढ़ाकर नई पीढ़ी को पार्टी की विचारधारा से जोड़ना जरूरी है। कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा ने कहा कि बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
राष्ट्रीय महासचिव एवं संसदीय बोर्ड सदस्य अनिल दुबे ने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियां जनता तक पहुंचाने की अपील की। बैठक में उनकी माताजी के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान विभिन्न जिलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।