वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संवैधानिक पद पर 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित दो दिवसीय ‘नमो बुक फेस्ट’ का बुधवार को समापन हुआ। महोत्सव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन, व्यक्तित्व, विचारों और 25 वर्षों की सार्वजनिक यात्रा पर आधारित पुस्तकों की प्रदर्शनी लगाई गई। इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में पाठक पहुंचे।
महोत्सव में विभिन्न लेखकों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन और सार्वजनिक कार्यों पर लिखी गई पुस्तकें प्रदर्शित की गईं। पुस्तकों के माध्यम से पाठकों को उनके सामाजिक जीवन, सार्वजनिक जीवन की शुरुआत, राजनीतिक यात्रा, नेतृत्व और विभिन्न दायित्वों से जुड़े अनुभवों को जानने का अवसर मिला। दो दिनों के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आधारित पुस्तकों को लेकर पाठकों में उत्सुकता रही। खासकर युवाओं और जेन-जी के बीच इन पुस्तकों के प्रति रुचि देखने को मिली। युवा पाठक पुस्तकों के विषय और सामग्री की जानकारी लेते नजर आए और उनके जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को जानने में दिलचस्पी दिखाई। महोत्सव में अलग-अलग लेखकों की पुस्तकों के जरिए प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के विभिन्न चरणों और अनुभवों को प्रस्तुत किया गया। एक ही स्थान पर इन पुस्तकों की उपलब्धता से पाठकों को अलग-अलग दृष्टिकोणों से उनके जीवन और सार्वजनिक यात्रा को समझने का अवसर मिला।
‘नमो बुक फेस्ट’ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन से जुड़े साहित्य को पाठकों तक पहुंचाने का मंच उपलब्ध कराया। युवाओं की भागीदारी और पाठकों की मौजूदगी से महोत्सव के प्रति उनकी रुचि सामने आई।