Breaking News

बैकुंठ चतुर्दशी पर काशी विश्वनाथ धाम में विष्णु सहस्रनाम के साथ विशेष पूजन

॥ श्री काशीविश्वनाथो विजयतेतराम् ॥
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
वाराणसी। बैकुंठ चतुर्दशी के पावन अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में भगवान श्रीहरि विष्णु के विग्रहों का विधि-विधान से विशेष पूजन-अर्चन और महाआरती की गई। मुख्य मंदिर परिसर में गर्भगृह और दण्डपाणि मंडप के मध्य स्थित बैकुंठ जी के विग्रह का विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।
कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी को बैकुंठ चतुर्दशी के रूप में मनाया जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु और भगवान शिव की संयुक्त पूजा का विशेष महत्व है। मान्यता है कि भगवान विष्णु ने इसी दिन सहस्र कमल पुष्प अर्पित कर भगवान शिव की आराधना की थी। श्रद्धालु इस अवसर पर सुख-समृद्धि, मोक्ष और आध्यात्मिक कल्याण की कामना करते हैं। धाम में आयोजित अनुष्ठान के तहत बैकुंठ जी का षोडशोपचार विधि से पूजन किया गया। इसके बाद वैकुण्ठेश्वर महादेव को तुलसी दल अर्पित कर श्री विष्णु सहस्रनाम का पाठ किया गया। सहस्रार्चन के दौरान भगवान को लड्डू, विभिन्न फल और अन्य नैवेद्य समर्पित किए गए। इसके बाद विधिवत महाआरती हुई।
इस अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी, उप जिलाधिकारी, मंदिर न्यास के अधिकारी और कर्मचारियों ने भी तुलसी दल अर्पित कर पूजन में सहभागिता की। मंदिर के अर्चक के पौरोहित्य में सभी धार्मिक अनुष्ठान पारंपरिक विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुए।

Check Also

आगरा के दलित महासम्मेलन से अखिलेश का दावा, 2027 में बनेगी पीडीए सरकार

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *