वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
कानपुर देहात। बाल दिवस के अवसर पर सोसाइटी फॉर इक्विटेबल वॉलंटरी एक्टिविटी (सेवा) संस्था की ओर से निबौली गांव स्थित एक कोचिंग सेंटर में बच्चों के लिए भाषण एवं काव्य प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें बच्चों ने उत्साह के साथ हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा और अभिव्यक्ति कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को संस्था की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर किया गया। इसका उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उनकी रचनात्मक क्षमता और अभिव्यक्ति कौशल को विकसित करना था। बच्चों ने भाषण और कविताओं के माध्यम से विभिन्न विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इस अवसर पर कोचिंग सेंटर की संचालिका और सेवा संस्था की सक्रिय सदस्य श्वेता गुप्ता मौजूद रहीं। संस्था की संस्थापक एवं सचिव कंचन मिश्रा ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बाल दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं है, बल्कि बच्चों की प्रतिभा पहचानने और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहयोग करने का अवसर भी है। उन्होंने बच्चों को शिक्षा, अनुशासन, आत्मविश्वास, संस्कार और नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी।
उन्होंने कहा कि बच्चों में नैतिक मूल्यों का विकास करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। सेवा संस्था आगे भी शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और बाल विकास से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।
कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में श्वेता गुप्ता की पहल भी विशेष चर्चा में रही। वह कोचिंग सेंटर में बच्चों को पूरी तरह निशुल्क शिक्षा दे रही हैं। इस कार्य में तीन अन्य शिक्षक भी सहयोग कर रहे हैं। यह पहल जरूरतमंद और शिक्षा से वंचित बच्चों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में सराहनीय प्रयास है। कार्यक्रम का समापन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।