Breaking News

आरएमएलआईएमएस में एआई से आसान होंगे इलाज और अस्पताल के कामकाज

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (आरएमएलआईएमएस) में स्वास्थ्य सेवाओं में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए सोमवार को हैंड्स-ऑन कार्यशाला आयोजित की गई। संस्थान के प्रशासनिक भवन स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इन हेल्थकेयर: फ्रॉम नॉलेज टू प्रैक्टिस’ विषय पर हुई कार्यशाला में एजेंटिक एआई, क्लिनिकल कार्यक्षमता और स्मार्ट हॉस्पिटल वर्कफ्लो पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यशाला का उद्घाटन संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) सीएम सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि एआई के माध्यम से मरीजों की देखभाल, चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और अस्पताल की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। चिकित्सकों को नई तकनीक अपनाने के साथ ही एआई का जिम्मेदारी और नैतिकता के साथ इस्तेमाल करना चाहिए।
मुख्य वक्ता मेडिसेजएआई के चीफ ऑफ टेक्नोलॉजी अनुराग धींगरा ने एजेंटिक एआई के व्यावहारिक उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एआई आधारित तकनीक चिकित्सकों के जटिल और दोहराव वाले काम को आसान बनाने के साथ क्लिनिकल डॉक्यूमेंटेशन और मरीजों की देखभाल से जुड़ी प्रक्रियाओं को बेहतर कर सकती है। इससे अधिक मरीजों वाले ओपीडी में भी कामकाज की गति बढ़ाई जा सकती है। कार्यशाला में मेडिसेजएआई का लाइव डेमो भी दिया गया। इसमें दिखाया गया कि एआई टूल्स किस तरह मरीजों के परामर्श से जुड़े रिकॉर्ड तैयार करने और अस्पताल के कामकाज को व्यवस्थित करने में मदद कर सकते हैं। इससे चिकित्सकों का प्रशासनिक बोझ कम होगा और उन्हें मरीजों को अधिक समय देने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम का आयोजन एआई सेल के नोडल अधिकारी प्रो. अजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में हुआ। डॉ. मृत्युंजय सिंह ने संचालन किया। इसमें संस्थान के करीब 70 से 80 संकाय सदस्यों और रेजिडेंट चिकित्सकों ने हिस्सा लिया। संस्थान का एआई सेल भविष्य में इन तकनीकों के विकास और क्लिनिकल वैलिडेशन पर भी काम करेगा।

Check Also

छठ पूजा के लिए लखनऊ में 110 घाट तैयार, सफाई से लेकर सुरक्षा तक के पुख्ता इंतजाम

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। छठ पूजा पर राजधानी के श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *