वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और सशक्त राष्ट्र निर्माण के लिए खेल प्रतियोगिताएं बेहद जरूरी हैं। खेल युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ उनमें अनुशासन, टीम भावना और लक्ष्य हासिल करने का जज्बा पैदा करते हैं। किताबी शिक्षा के साथ खेलकूद को भी समान महत्व दिया जाना चाहिए।
वह रविवार को केडी सिंह बाबू स्टेडियम में सेंट जोसेफ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की चार दिवसीय नीरू मेमोरियल एनुअल स्पोर्ट्स मीट ‘स्पर्धा-2026’ के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्य अतिथि योगेंद्र उपाध्याय और विशिष्ट अतिथि विधान परिषद सदस्य उमेश द्विवेदी ने मशाल प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस मौके पर मार्च-पास्ट, पाइप और ब्रास बैंड की धुनों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।
उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘खेलो इंडिया, खिलेगा इंडिया’ अभियान से देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिला है। भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के मार्च-पास्ट और बैंड प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि खेल में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना है। असफल होने वाले खिलाड़ियों को निराश होने के बजाय नए उत्साह से प्रयास करना चाहिए। उन्होंने सेंट जोसेफ समूह के शैक्षणिक योगदान की सराहना की और निर्माणाधीन ज्ञानशिला विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रिशा गुप्ता, आयुषी सिंह और गौरव सरोज को ‘नीरू मेमोरियल खेल रत्न अवार्ड-2026’ से सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता के पहले दिन क्रिकेट मुकाबले में राजाजीपुरम शाखा ने सात विकेट पर 102 रन बनाकर रुचिखंड शाखा को हराया। टीम के गेंदबाज आरव ने चार विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई। वहीं प्री सब-जूनियर वर्ग की 50 मीटर दौड़ में सीतापुर रोड शाखा के बच्चों ने शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में संस्थापक अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता अग्रवाल, प्रबंध निदेशक अनिल अग्रवाल समेत शिक्षक, अभिभावक और गणमान्य लोग मौजूद रहे।