वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर में आयोजित होने वाले कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले की तैयारियों और व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गंगा आरती एवं पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर मेले की तैयारियों की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने गंगा मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु आवागमन को लेकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सुविधाओं और यातायात प्रबंधन की जानकारी ली। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम समय से पूरे करने पर जोर दिया।
सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। गंगा घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं और स्नान के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए। भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के साथ ही आपात स्थिति से निपटने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने मेले की व्यवस्थाओं में संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा। उन्होंने स्वच्छता और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए, ताकि कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर गढ़मुक्तेश्वर आने वाले श्रद्धालु सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से गंगा स्नान एवं धार्मिक अनुष्ठान कर सकें।