वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करने की मांग को लेकर शनिवार को राजधानी में वकीलों ने जोरदार प्रदर्शन किया। कैसरबाग स्थित जिला न्यायालय से शुरू हुआ अधिवक्ताओं का पैदल मार्च हजरतगंज पहुंचा। यहां प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़कर विधानसभा की ओर बढ़ने की कोशिश की। इस दौरान कुछ अधिवक्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे।
दोपहर करीब 12 बजे बड़ी संख्या में अधिवक्ता कैसरबाग न्यायालय परिसर से पैदल मार्च पर निकले। मार्च परिवर्तन चौक होते हुए अटल चौक और फिर हजरतगंज पहुंचा। यहां अधिवक्ताओं ने अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। विधानसभा घेराव के निर्धारित कार्यक्रम में विभिन्न अधिवक्ता संगठनों ने भी समर्थन दिया। इससे प्रदर्शन में बड़ी संख्या में वकील शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों के विधानसभा की ओर बढ़ने की कोशिश के चलते पुलिस को सतर्क रहना पड़ा। हजरतगंज में पहले से बैरिकेडिंग की गई थी, लेकिन आक्रोशित अधिवक्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया। कुछ वकील बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। इससे मौके पर कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
अधिवक्ताओं के प्रदर्शन को देखते हुए कैसरबाग से लेकर हजरतगंज और विधानसभा मार्ग तक भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। कई थानों की पुलिस के साथ अतिरिक्त सुरक्षा बल भी लगाए गए थे। पुलिस अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए थे। अधिवक्ताओं का कहना है कि वकीलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू किया जाना जरूरी है। इसके लिए वे लंबे समय से मांग उठा रहे हैं।