Breaking News

यूपी में मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन अब 17 नवंबर को, अंतिम सूची चार जनवरी को आएगी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों की मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 की समय-सारिणी में बदलाव किया गया है। अब मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन 17 नवंबर को होगा। पहले इसके लिए निर्धारित कार्यक्रम में संशोधन किया गया है। हालांकि, मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चार जनवरी 2027 को ही किया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम में संशोधन किया है। इसके तहत 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, नाम हटवाने और किसी प्रविष्टि में संशोधन के लिए दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। उन्होंने बताया कि निर्धारित अवधि में प्राप्त सभी दावे और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद चार जनवरी 2027 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को संशोधित कार्यक्रम का समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और अन्य संचार माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों को भी इसकी जानकारी देने को कहा है। उन्होंने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में सभी प्रक्रियाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
रिणवा ने प्रदेश के नागरिकों से अपील की है कि वे पुनरीक्षण अवधि में अपनी और परिवार के सदस्यों की मतदाता सूची में दर्ज प्रविष्टियों की जांच जरूर कर लें। पात्र नागरिक निर्धारित समय में आवेदन कर अपना नाम सूची में शामिल करा सकते हैं, ताकि कोई भी मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

Check Also

राम मंदिर में चढ़ावा चोरी पर अखिलेश का हमला, बोले- जांच के नाम पर हो रही लीपापोती

– सपा प्रमुख ने भाजपा पर मुख्य आरोपी को बचाने का लगाया आरोप, अयोध्या में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *