वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
अयोध्या। उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 433.930 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब एक करोड़ 25 लाख रुपये आंकी गई है। एसटीएफ ने गांजे की खेप ले जा रहे हरियाणा निवासी ट्रक चालक मोहम्मद इरशाद को अयोध्या में गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से गांजे के अलावा 14 टायर का ट्रक, मोबाइल फोन और पहचान संबंधी दस्तावेज बरामद हुए हैं।
एसटीएफ के मुताबिक, मंगलवार को सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक ट्रक में गांजे की बड़ी खेप लेकर तस्कर सुल्तानपुर की ओर आने वाला है। इस पर उपनिरीक्षक फैजुद्दीन सिद्दीकी के नेतृत्व में टीम ने निगरानी शुरू की। क्षेत्राधिकारी अयोध्या आशुतोष कुमार तिवारी को साथ लेकर टीम ने सुल्तानपुर-अयोध्या हाईवे स्थित भरतकुंड टोल प्लाजा के पास घेराबंदी की। यहां मंगलवार सुबह करीब 11:50 बजे राजस्थान नंबर के ट्रक (आरजे-32-जीसी-0487) को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें भारी मात्रा में गांजा मिला। गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद इरशाद हरियाणा के मेवात जिले के लोहिंगा कला गांव का निवासी है। पूछताछ में उसने बताया कि वह पंजाब के जालंधर से आड़ू लादकर ओडिशा के अंगुल गया था। वहां माल उतारने के बाद ट्रक मालिक इकरामुद्दीन के निर्देश पर एक पेट्रोल पंप के पास वाहन खड़ा किया। इसके बाद एक अज्ञात व्यक्ति गांजा लादकर ट्रक में रख गया। उसे यह खेप बहराइच पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई थी।
एसटीएफ के अनुसार, ट्रक मालिक इकरामुद्दीन की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपी के खिलाफ पूराकलंदर थाने में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस कर रही है।