Breaking News

दिल्ली की हवा हुई जहरीली, कई इलाकों में AQI 450 के पार

– गाय की रक्षा हर हाल में करनी है, गोवंश सड़कों पर न दिखे : योगी
– गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में मुख्यमंत्री ने किया गोवर्धन पूजन
– बोले- प्रदेश में 7700 से अधिक गोशालाओं में संरक्षित हैं 16 लाख निराश्रित गोवंश
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोवर्धन पूजा के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में विधि-विधान से गोपूजन किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने गायों और गोवंश को तिलक लगाया, माला पहनाई और गुड़-केला खिलाकर गोसेवा की। इस दौरान मुख्यमंत्री कई गायों को उनके नाम से पुकारते और दुलारते भी नजर आए। उन्होंने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हर हाल में गाय की रक्षा करनी है और गोवंश की नस्ल सुधार के लिए भी प्रयास करने होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गोसंरक्षण और संवर्धन के लिए 7700 से अधिक गोशालाओं के माध्यम से अभियान चला रही है। इनमें 16 लाख से अधिक निराश्रित गोवंश संरक्षित हैं। सरकार की तीन योजनाओं के जरिए गोवंश की देखभाल के साथ किसानों और जरूरतमंद परिवारों को भी आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि सहभागिता योजना के तहत निराश्रित गोआश्रय स्थलों से गाय लेकर पालन करने वाले किसानों को प्रति गाय 1500 रुपये प्रतिमाह दिए जाते हैं। एक किसान अधिकतम चार गाय रख सकता है। इस तरह उसे हर महीने छह हजार रुपये तक की सहायता मिल सकती है। कुपोषित परिवारों को भी दूध की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए एक गाय और उसके पालन के लिए प्रतिमाह 1500 रुपये दिए जाते हैं।
योगी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि गायें सड़कों पर न रहें और किसानों की फसलों को नुकसान न पहुंचाएं। इसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन विभाग और शहरी क्षेत्रों में नगर विकास विभाग गोआश्रय स्थलों का संचालन कर रहा है। उन्होंने कहा कि गाय भारत की कृषि और ऋषि परंपरा की आत्मा है। हर परिवार को भोजन का पहला ग्रास गाय और अंतिम ग्रास श्वान के लिए निकालने की परंपरा अपनानी चाहिए। जो लोग गाय नहीं पाल सकते, वे गोशालाओं में सहयोग कर गोसेवा कर सकते हैं।

Check Also

दीपावली प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता का पर्व : सतीश महाना

– विधानसभा अध्यक्ष ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *