– सपा प्रमुख ने भाजपा पर मुख्य आरोपी को बचाने का लगाया आरोप, अयोध्या में विधानसभा चुनाव में पांच जीरो का स्कोर देने का किया दावा
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा, चंदा और दान की रकम में चोरी के मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले की जांच के नाम पर केवल लीपापोती की जा रही है। पूरे प्रकरण के मुख्य सरगना को बचाकर छोटे कर्मचारियों और सेवकों पर कार्रवाई कर मामले को दबाने की कोशिश हो रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि अयोध्या जैसी धार्मिक नगरी को भाजपा के कथित भ्रष्टाचार के कारण अपमान और प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है। उनके मुताबिक, इस प्रकरण से अयोध्या के लोगों में नाराजगी है और अब पूरी धार्मिक नगरी पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) के साथ खड़ी नजर आ रही है।
सपा प्रमुख ने भाजपा को आगामी विधानसभा चुनाव में राजनीतिक नुकसान होने का दावा भी किया। उन्होंने वाराणसी के हालिया एमएलसी चुनाव परिणामों का हवाला देते हुए कहा कि जिस तरह भाजपा को काशी में डबल जीरो मिला है, उसी तरह अयोध्या की जनता भी विधानसभा चुनाव में पार्टी को पांच जीरो का स्कोर देगी। उन्होंने दावा किया कि अयोध्या की जनता भाजपा को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है और आगामी चुनाव में उसे करारा जवाब देगी। अखिलेश के इस बयान से राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला एक बार फिर प्रदेश की सियासत के केंद्र में आ गया है।