Breaking News

टेलीग्राम पर गांजे की बुकिंग, ई-कॉमर्स पैकेट में होती थी डिलीवरी; 55 लाख का माल बरामद

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
नोएडा। नोएडा के बिसरख में पुलिस ने ऑनलाइन माध्यम से गांजे की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 55 किलो 124 ग्राम गांजा बरामद हुआ है, जिसकी कीमत करीब 55 लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल हुंडई एसेंट कार भी पुलिस ने जब्त की है। जांच में सामने आया कि आरोपी पिछले दो साल से टेलीग्राम के जरिए गांजे के ऑर्डर लेकर ग्राहकों तक इसकी आपूर्ति कर रहे थे।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि सोमवार को बिसरख पुलिस ने विशेष अभियान के तहत निर्माणाधीन बिल्डिंग गोल्डन ग्रांड रोड के पास छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गांजे की खेप के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर ओडिशा और दूसरे क्षेत्रों से कम कीमत पर गांजा खरीदते थे। इसके बाद कार से गांजे की खेप स्थानीय युवाओं और नशे के शौकीन लोगों तक पहुंचाई जाती थी। पुलिस के मुताबिक, तस्कर गांजे को विभिन्न ई-कॉमर्स कंपनियों की पन्नियों और पैकेट में पैक करते थे, ताकि किसी को संदेह न हो। टेलीग्राम ऐप के माध्यम से ऑर्डर लेकर ऑनलाइन पार्सल और डोर-टू-डोर डिलीवरी की जाती थी।
आरोपी गांजे की गुणवत्ता अच्छी बताकर ग्राहकों से ऊंची कीमत वसूलते थे। इससे उनका कारोबार लगातार बढ़ रहा था। पुलिस अब गिरोह के फरार साथी की तलाश में जुटी है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस नेटवर्क से कितने ग्राहक और अन्य तस्कर जुड़े हुए हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।रफ्तार आरोपियों की पहचान आलम खान (30) निवासी गाजियाबाद, वसीम (26) निवासी बागपत व लक्ष्य राठौर (19) निवासी चोटपुर कॉलोनी थाना सेक्टर-63 नोएडा के रूप में हुई है।आरोपी वसीम का आपराधिक इतिहास भी है. उसके खिलाफ थाना गढ़मुक्तेश्वर हापुड़ में मुकदमा अपराध संख्या पहले से मामला दर्ज है. आपको बता दें कि यह कोई ऐसा पहला मामला नहीं है, जब तस्करों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले भी पुलिस टीम इस तरह की कार्रवाई कर चुकी है।

Check Also

अयोध्या में बहेगी रोशनी की धारा, दीपोत्सव पर जगमगाएंगे 41 मठ-मंदिर

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार अयोध्या। रामनगरी में दसवें दीपोत्सव को भव्य बनाने के लिए …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *