वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
देवरिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को देवरिया पहुंचकर सांसद शशांक मणि के दिवंगत पिता एवं पूर्व सांसद लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) प्रकाश मणि त्रिपाठी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर नमन किया और शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवंगत पूर्व सांसद के निधन पर दुख जताते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने सांसद शशांक मणि और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें इस कठिन समय में ढांढ़स बंधाया। प्रकाश मणि त्रिपाठी का सैन्य और राजनीतिक जीवन में महत्वपूर्ण योगदान रहा। वह लेफ्टिनेंट जनरल के पद से सेवानिवृत्त होने के बाद राजनीति में सक्रिय हुए और सांसद के रूप में भी अपनी सेवाएं दीं। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है।