Breaking News

एक्सप्रेसवे पर चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण और नशा जांच अनिवार्य होगा : ब्रजेश पाठक, उप मुख्यमंत्री

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण बस हादसे के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने सड़क सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाया है। अब प्रदेश के सभी एक्सप्रेसवे पर वाहन चलाने से पहले चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण और नशे की जांच कराई जाएगी। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने संबंधित विभागों को इसके लिए नीति तैयार करने और उसे सख्ती से लागू कराने के निर्देश दिए हैं।
उप मुख्यमंत्री ने सोमवार को गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव, परिवहन आयुक्त, यूपीसीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी और उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक को पत्र भेजा है। पत्र में कहा गया है कि प्रत्येक वाहन को एक्सप्रेसवे पर प्रवेश देने से पहले चालक की स्वास्थ्य जांच हो। इसके साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि चालक ने किसी मादक पदार्थ का सेवन नहीं किया है।
आगरा एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट मोहन के पास सोमवार सुबह यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई थी। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 45 यात्री घायल हुए। घटना के बाद पुलिस, दमकल, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाया। गंभीर रूप से घायलों को केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में इलाज के लिए भेजा गया। ब्रजेश पाठक ने हादसे को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए त्वरित और ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने सभी एक्सप्रेसवे पर निर्धारित गति सीमा का कड़ाई से पालन कराने को भी कहा है। साथ ही वाहन चालकों की समय-समय पर काउंसिलिंग कराई जाएगी, ताकि उन्हें सुरक्षित ड्राइविंग, थकान और नशे के खतरों के प्रति जागरूक किया जा सके।
उप मुख्यमंत्री का मानना है कि चालकों की स्वास्थ्य जांच, नशे की रोकथाम, गति नियंत्रण और नियमित काउंसिलिंग से सड़क हादसों को कम करने में मदद मिलेगी। इसके लिए गृह विभाग, परिवहन विभाग, यूपीसीडा और रोडवेज के बीच आपसी समन्वय से व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए गए हैं। हादसे के कारणों की जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं। कुछ यात्रियों ने चालक के नशे में होने का आरोप लगाया है, हालांकि हादसे का सटीक कारण अभी आधिकारिक तौर पर स्पष्ट नहीं हुआ है। सरकार का यह नया कदम एक्सप्रेसवे सुरक्षा में चालकों की फिटनेस और जिम्मेदारी को केंद्र में रखता है।

Check Also

गांधी शिल्प बाजार में देशभर के शिल्पकारों के 200 स्टॉल, आठ हस्तशिल्पी सम्मानित

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। पारंपरिक हस्तशिल्प को बढ़ावा देने और स्थानीय कारीगरों को …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *