वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे बुधवार को भारतीय वायुसेना की ताकत का साक्षी बना, जब यहां आपातकालीन लैंडिंग फील्ड (ईएलएफ) को सक्रिय करते हुए भव्य युद्धाभ्यास और एयर शो का आयोजन किया गया। अखलिकीरी करवत गांव के पास स्थित 3.2 किलोमीटर लंबी एयरस्ट्रिप पर हुए इस अभ्यास का उद्देश्य आपात स्थिति में हाईवे को रनवे के रूप में उपयोग करने की क्षमता को परखना रहा।
दोपहर करीब 2:30 बजे शुरू हुए इस एयर शो में सबसे पहले सी-295 परिवहन विमान ने रनवे पर सफल लैंडिंग की, जिसके बाद जगुआर, सुखोई-30 एमकेआई, मिराज-2000 और तेजस जैसे अत्याधुनिक लड़ाकू विमानों ने एक के बाद एक उड़ान भरते हुए आसमान में हैरतअंगेज करतब दिखाए। कुल नौ फाइटर जेट्स ने टेकऑफ और लैंडिंग कर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। एएन-32 जैसे परिवहन विमान भी इस अभ्यास का हिस्सा बने। कार्यक्रम दो चरणों में देर रात तक जारी रहने वाला है, जिसमें रात्रि अभ्यास भी शामिल है।
इस दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। प्रशासन ने एक्सप्रेस-वे के लगभग 12 किलोमीटर हिस्से को सील कर ट्रैफिक को 1 मई तक डायवर्ट कर दिया है। करीब 5 किलोमीटर क्षेत्र में आम लोगों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रही, हालांकि दूर-दराज से लोग इस अद्भुत नजारे को देखने पहुंचे।
गौरतलब है कि इससे पहले जून 2023 में भी यहां अभ्यास किया गया था, जबकि 16 नवंबर 2021 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया था। विशेषज्ञों के अनुसार इस तरह के अभ्यास युद्ध या आपदा की स्थिति में वैकल्पिक रनवे के रूप में हाईवे के उपयोग, त्वरित सैन्य तैनाती और राहत कार्यों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। भारतीय वायुसेना देशभर में ऐसे लगभग 28 स्थानों को विकसित करने की दिशा में काम कर रही है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में प्रभावी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।