Breaking News

फतेहपुर में मूर्ति विसर्जन के दौरान हादसा, तालाब में डूबने से तीन किशोरों की मौत

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
फतेहपुर। जिले में मंगलवार को मूर्ति विसर्जन के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। खागा कोतवाली क्षेत्र के बैजूपुर उर्फ खुशियारीपुर मजरे कटोघन गांव में तालाब में डूबने से तीन किशोरों की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक, गांव के लोग मूर्ति विसर्जन के लिए निकले थे। मूर्तियों का विसर्जन करने के बाद ग्रामीण तालाब में स्नान करने लगे। इसी दौरान गांव के आदित्य (16), राजन (17), अभिमन्यु (17) समेत पांच लड़के तालाब के गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। किशोरों को डूबता देख मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी को किसी तरह पानी से बाहर निकाला।

तीन की हालत गंभीर देख अस्पताल ले गए :
हादसे के बाद तीन किशोरों की हालत गंभीर थी। ग्रामीण उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरदो लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। किशोरों की मौत की खबर से परिजनों में चीख-पुकार मच गई। गांव के लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं।

नौबस्ता घाट जाना था, तालाब में हुआ हादसा :
सीओ रवि सिंह ने बताया कि गांव से मूर्तियों का विसर्जन नौबस्ता घाट पर किया जाना था, लेकिन ग्रामीण मूर्तियां लेकर गांव के पास स्थित तालाब पहुंच गए। वहीं विसर्जन के बाद स्नान के दौरान यह हादसा हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है। एक साथ तीन किशोरों की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। त्योहार के दिन हुए इस हादसे ने परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

Check Also

रामपाल को शास्त्रार्थ की खुली चुनौती, शिवांश नारायण द्विवेदी बने शंकराचार्य के प्रतिनिधि

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार वाराणसी। सनातन धर्म, वेद-शास्त्रों और हिन्दू देवी-देवताओं के संबंध में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *