Breaking News

शिवा शर्मा मौत मामले में STF का बड़ा एक्शन, नागपुर से मॉडल श्रद्धा सहित बहन और ड्राइवर भी पकड़े गए

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में फरार चल रही मॉडल श्रद्धा दुबे आखिरकार एसटीएफ और लखनऊ पुलिस के हत्थे चढ़ गई। पुलिस ने मंगलवार को नागपुर पुलिस की मदद से श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और चालक दानिश को गिरफ्तार कर लिया। तीनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर लखनऊ लाया जा रहा है।
हजरतगंज थाना क्षेत्र में कारोबारी शिवा शर्मा की नौ अक्तूबर की रात श्रद्धा दुबे के फ्लैट में मौत हो गई थी। अगले दिन शिवा की मां रंजना शर्मा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। इसमें श्रद्धा, उसकी बहन और दो अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया था। इसके बाद से ही श्रद्धा समेत तीनों आरोपी फरार चल रहे थे। जांच के दौरान श्रद्धा की कार बहराइच के रुपईडीहा इलाके में लावारिस हालत में मिली थी। पुलिस को उसके नेपाल जाने और फिर वहां से लखनऊ होते हुए आगरा जाने के सुराग मिले। फरारी के दौरान श्रद्धा के नेपाल में कई सीसीटीवी फुटेज सामने आए। उसने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपना पक्ष भी रखा। लगातार तलाश के बावजूद गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस ने इनाम घोषित किया था। बाद में मामले की जांच में एसटीएफ को भी लगाया गया।
मामले को लेकर शासन स्तर पर भी सख्ती दिखाई गई। हजरतगंज इंस्पेक्टर विक्रम सिंह को लाइन हाजिर किया गया, जबकि डीसीपी मध्य विक्रांत वीर और एसीपी हजरतगंज रजनीश वर्मा का तबादला कर दिया गया।
शिवा शर्मा की मौत के मामले में आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी को लेकर एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लाकर लखनऊ कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया जारी है। सोमवार को पुलिस टीम ने रायबरेली स्थित श्रद्धा के घर पहुंचकर उसके पिता और सौतेली मां से पूछताछ की थी। पुलिस उसके संपर्कों और मददगारों की जानकारी जुटा रही थी। मंगलवार को नागपुर में गिरफ्तारी के साथ ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई का रास्ता खुल गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की पड़ताल करेगी।

Check Also

विजयादशमी अन्याय पर न्याय की जीत का संदेश देती है: अखिलेश यादव

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *