Breaking News

किसानों के मुद्दों पर लोकदल मुखर, एक नवंबर की महारैली में जुटेंगे किसान

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। किसानों की समस्याओं, फसलों के लाभकारी मूल्य, महंगाई और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर लोकदल ने आंदोलन तेज करने की तैयारी की है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सुनील सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को लखनऊ स्थित केंद्रीय कार्यालय में हुई बैठक में एक नवंबर 2026 को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली इंडिया गठबंधन की महारैली की तैयारियों पर चर्चा हुई। पार्टी ने 24 अक्टूबर से एक नवंबर तक अभियान चलाकर किसानों और कार्यकर्ताओं को रैली से जोड़ने की अपील की।
बैठक को संबोधित करते हुए चौधरी सुनील सिंह ने कहा कि किसान बढ़ती कृषि लागत और फसलों का उचित मूल्य नहीं मिलने जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। सरकार को किसानों की समस्याओं का समाधान करते हुए उनकी उपज का लाभकारी मूल्य सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकदल किसानों, मजदूरों, युवाओं और आम जनता के अधिकारों के लिए लगातार आवाज उठा रहा है।
सुनील सिंह ने कहा कि इंडिया गठबंधन आगामी जन आंदोलन के जरिए मतदाता सूची से जुड़ी कथित अनियमितताओं और लोकतांत्रिक अधिकारों के मुद्दे उठाएगा। उनके मुताबिक, एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली महारैली में गठबंधन के शीर्ष नेता एक मंच पर जुटकर इन मुद्दों पर अपनी बात रखेंगे। उन्होंने दावा किया कि महारैली में किसान बड़ी संख्या में शामिल होंगे। लोकदल अध्यक्ष ने पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, किसानों और समर्थकों से 24 अक्टूबर से अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को दिल्ली पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसानों, मजदूरों, युवाओं और आम मतदाताओं के अधिकारों से जुड़ी है।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह ‘मुन्ना’, प्रदेश उपाध्यक्ष गुलाब सिंह ग्रामीण, राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं प्रदेश प्रभारी हरीश हूण, प्रदेश महासचिव उमाशंकर सिंह और प्रदेश सचिव संतोष सिंह शिशौदिया सहित विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्ष और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Check Also

मलेरिया के खिलाफ भारत की बड़ी कामयाबी, 10 साल में 80 फीसदी घटे मामले

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। भारत में मलेरिया के खिलाफ पांच दशक से जारी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *