Breaking News

यूपी में 9.70 लाख युवाओं को मिली सरकारी नौकरी, अगले सप्ताह 50 हजार को नियुक्ति पत्र देंगे योगी

वेबवार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार अब तक 9.70 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुकी है। यह संख्या सपा के चार और बसपा के तीन कार्यकाल में हुई कुल भर्तियों से दोगुने से भी अधिक है। अगले सप्ताह करीब 50 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि हमारी सरकार की नियुक्तियों की रफ्तार सैफई सिंडिकेट नहीं गिन पाएगा, क्योंकि उसे सिर्फ नोट गिनना आता है।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से चयनित 1594 लेखा परीक्षकों और सहायक लेखाकारों को नियुक्ति पत्र वितरित करने के बाद संबोधित कर रहे थे। इनमें 201 लेखा परीक्षक और 1393 सहायक लेखाकार शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अगले सप्ताह आठ हजार लेखपाल, 42 हजार होमगार्ड और शिक्षा आयोग के दो हजार चयनित अभ्यर्थियों समेत लगभग 50 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है।
योगी ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद की शिकार थी। विज्ञापन निकलते ही चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली में जुट जाती थी। परीक्षा कोई देता था और नौकरी किसी दूसरे को मिल जाती थी। अब बिना सिफारिश और लेन-देन के योग्यता के आधार पर नियुक्तियां हो रही हैं। उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारियों को ईमानदारी और वित्तीय अनुशासन के साथ काम करने की नसीहत दी।
पूर्ववर्ती सपा सरकार पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने गोमती रिवरफ्रंट और जेपीएनआईसी परियोजनाओं में अनियमितताओं का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनता के पैसे की बंदरबांट करने वाले लोगों ने विदेशों में संपत्तियां बनाईं। पुरानी पेंशन के मुद्दे पर भी सपा को घेरते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने एनपीएस में सरकारी अंशदान 10 से बढ़ाकर 14 प्रतिशत किया और 14 लाख कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित किया।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था 12.50 लाख करोड़ से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये हो गई है। यूपी अब रक्षा उत्पादन का भी प्रमुख केंद्र बन रहा है। लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल और प्रदेश में एके-203 राइफल का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था में सुधार से बेटियां अब रात दो बजे भी निडर होकर घर लौट रही हैं। सरकार का लक्ष्य अगले चार वर्षों में उत्तर प्रदेश को देश की नंबर एक अर्थव्यवस्था बनाना है।

Check Also

आयुष्मान अस्पतालों के आईसीयू की होगी जांच, 30 नवंबर तक देनी होगी ऑडिट रिपोर्ट

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। आयुष्मान भारत योजना के तहत सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *