Breaking News

मिट्टी के घर से संसद तक का सफर, रवि किशन ने डीडीयू में पहली क्लास में साझा किए संघर्ष के अनुभव

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
गोरखपुर। गोरखपुर के सांसद और अभिनेता रवि किशन शुक्ला ने दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय (डीडीयू) में प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस के रूप में अपनी पहली क्लास ली। ललित कला एवं संगीत विभाग में कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने विद्यार्थियों के बीच पहला व्याख्यान दिया और अपने संघर्षों की कहानी साझा की।
रवि किशन ने कहा कि मिट्टी के घर से निकलकर संसद तक का सफर मेहनत, समर्पण और आत्मविश्वास की बदौलत पूरा हुआ है। उन्होंने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच, लगातार सीखने की इच्छा और आत्मविश्वास को सफलता की सबसे बड़ी कुंजी बताया। उन्होंने कहा कि गोरखपुर के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए वह हरसंभव सहयोग करेंगे।
सांसद ने कहा कि प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस की जिम्मेदारी को वह पूरी गंभीरता से निभाएंगे। कक्षाओं में नियमित उपस्थिति, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति ईमानदार रहने और कठिन परिस्थितियों में भी प्रयास जारी रखने की प्रेरणा दी।
ललित कला एवं संगीत विभाग की विभागाध्यक्ष और अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. अनुभूति दुबे ने रवि किशन का स्वागत करते हुए कहा कि एक प्रतिष्ठित कलाकार का विश्वविद्यालय से जुड़ना विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक अवसर है। उनके अनुभव छात्रों के व्यक्तित्व विकास और व्यावसायिक कौशल को नई दिशा देंगे।
व्याख्यान के बाद प्रश्नोत्तर सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अभिनय, कला, करियर और संघर्ष से जुड़े सवाल पूछे। रवि किशन ने छात्रों के सवालों के विस्तार से जवाब दिए और अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में प्रो. उषा सिंह, डॉ. गौरी शंकर चौहान, डॉ. प्रदीप साहनी, डॉ. प्रदीप राजोरिया सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, शोधार्थी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Check Also

जय किसान, जय स्वाभिमान के उद्घोष से गूंजा सहारनपुर, जयंत चौधरी की रैली में उमड़ा जनसैलाब

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार सहारनपुर। रामपुर मनिहारान स्थित गोचर कृषि इंटर कॉलेज के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES