वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को प्रसिद्ध लोधेश्वर महादेव धाम पहुंचकर भगवान शिव का विधि-विधान से दर्शन-पूजन और अभिषेक किया। उन्होंने बाबा भोलेनाथ की आरती उतारकर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में डमरू वादन और पारंपरिक तरीके से मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय कलाकारों का उत्साहवर्धन भी किया। दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन लोधेश्वर कॉरिडोर का निरीक्षण किया और विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके बाद मुख्यमंत्री मंदिर परिसर के पीछे आयोजित कार्यक्रम स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया। बच्चों को खिलौने और चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया तथा प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न मॉडलों का अवलोकन करते हुए बच्चों से जानकारी भी ली। कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल वितरित की गई। साथ ही बाराबंकी जिले के विकास कार्यों और उपलब्धियों पर आधारित एक लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित करते हुए सहायता राशि, स्वीकृति पत्र, टूल किट और चेक वितरित किए। कृषि यंत्र योजना के अंतर्गत शिवशंकर वर्मा और छाया देवी को चार-चार लाख रुपये की सहायता, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना के तहत मोहसिन मतीन को 10 लाख तथा मुकेश कुमार को 3.10 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत शांति देवी को सिलाई टूल किट, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत नितेश वर्मा को पांच लाख रुपये तथा ओडीओपी योजना के अंतर्गत मो. आलम को 21 लाख रुपये की सहायता दी गई। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना में हेमकरण माथुर को 3.90 करोड़ रुपये से अधिक और हर्षिता वर्मा को 15 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के तहत प्रमेंद्र विक्रम सिंह को 11.80 लाख रुपये से अधिक की सहायता, मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आरती देवी और गायत्री देवी को स्वीकृति पत्र तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत आरती एवं अशोक कुमारी सिंह को 3.19 करोड़ रुपये से अधिक की सामुदायिक निवेश निधि का चेक सौंपा गया।