Breaking News

पात्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाएं अधिकारी, किसानों को मिले निर्बाध बिजली : केशव मौर्य

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
जौनपुर। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जाए। इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने किसानों को खेती और सिंचाई के लिए निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने तथा लंबित विकास परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।
उप मुख्यमंत्री ने बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अधिकारी आपसी समन्वय से काम करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र लाभार्थी सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे। योजनाओं का प्रभाव धरातल पर दिखाई देना चाहिए। विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने खराब और जले ट्रांसफार्मरों को निर्धारित समयसीमा में बदलने तथा ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए। बिजली मीटर और गलत बिलिंग से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों की खेती और सिंचाई बिजली की कमी से प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
उप मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अंत्येष्टि स्थलों, उत्सव भवनों, मंडियों और सड़कों से जुड़े अधूरे निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा। सभी परियोजनाएं गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में पूरी की जाएं। उन्होंने थाना, ब्लॉक और तहसील स्तर पर कार्यप्रणाली सुधारने तथा आम लोगों की शिकायतों का संवेदनशीलता से निस्तारण करने को कहा। राजस्व विवादों में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी समन्वय बनाकर कार्रवाई करें और जहां संभव हो, आपसी समझौते से विवाद सुलझाएं।
बैठक से पहले उप मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से संवाद कर क्षेत्र की समस्याएं और विकास संबंधी अपेक्षाएं भी जानीं। बैठक में खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव, सांसद सीमा द्विवेदी, विधायक, एमएलसी, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Check Also

एआई और क्वांटम तकनीक के खतरों से निपटने को यूपी बनाएगा साइबर सुरक्षा का मास्टर प्लान

– समन्वित साइबर सुरक्षा तंत्र विकसित करने की पहल : डॉ. जीके गोस्वामी – सरकार, …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *