Breaking News

यूपी के सभी अस्पतालों की दवा दुकानों की होगी जांच, खरीद-बिक्री का ब्योरा वेबसाइट पर करना होगा सार्वजनिक

– 04 दिसंबर तक चलेगा एफएसडीए का विशेष अभियान, मरीजों को दवाओं की कीमतों में पारदर्शिता दिलाने की पहल
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। अस्पतालों में भर्ती मरीजों को दवाओं की खरीद में पारदर्शिता और सही विकल्प चुनने का अधिकार दिलाने के लिए उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने विशेष अभियान शुरू किया है। इसके तहत प्रदेशभर की सभी अस्पताल आधारित फार्मेसियों की जांच की जाएगी। चार दिसंबर 2026 तक चलने वाले इस अभियान में यह देखा जाएगा कि दवा दुकानों ने अपनी वेबसाइट पर दवाओं के खरीद और बिक्री मूल्य की जानकारी सार्वजनिक की है या नहीं।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन डॉ. रोशन जैकब ने सभी सहायक आयुक्त (औषधि) और औषधि निरीक्षकों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। औषधि निरीक्षक अपने-अपने जिलों में अस्पतालों की फार्मेसियों का निरीक्षण करेंगे और एक अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के अनुपालन की पड़ताल करेंगे।
एफएसडीए के मुताबिक, इस व्यवस्था का उद्देश्य दवाओं की कीमत या फार्मेसियों का मुनाफा तय करना नहीं, बल्कि खरीद मूल्य और मरीजों को बेचे जाने वाले मूल्य का स्व-प्रकटीकरण सुनिश्चित करना है। खासतौर पर उन अस्पतालों की फार्मेसियों पर जोर दिया जा रहा है, जहां भर्ती मरीजों के पास बाहर से दवाएं खरीदने का व्यावहारिक विकल्प सीमित होता है। निर्देशों के मुताबिक फार्मेसियों को वेबसाइट पर लाइसेंस का विवरण, फार्मासिस्ट का नाम, पंजीकरण संख्या, फोटो और साप्ताहिक स्टॉक की जानकारी भी उपलब्ध करानी होगी। वेबसाइट का लिंक काउंटर पर प्रदर्शित करने के साथ क्यूआर कोड के जरिए भी उपलब्ध कराना होगा।
विभाग को पूर्व में कुछ दवाओं के खरीद मूल्य और एमआरपी के बीच काफी अंतर मिलने की जानकारी मिली थी। ऐसे मामलों में मूल्य संबंधी विसंगतियों के साथ दवाओं की गुणवत्ता और प्रामाणिकता की जांच भी की जाएगी। निर्देशों का पालन नहीं करने वाली फार्मेसियों से औषधि निरीक्षक निर्धारित जानकारी मांगेंगे। अभियान की रोजाना रिपोर्ट मुख्यालय भेजी जाएगी।

Check Also

CMS में 23 नवंबर से दो दिवसीय विज्ञान मेले का आगाज, वायु सेना प्रमुख करेंगे उद्घाटन

वेबवार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (सीएमएस) के गोल्फसिटी परिसर में सोमवार 23 …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *