– 25 नवंबर से 15 फरवरी तक लागू रहेगी नई गति सीमा, फॉग लाइट और रिफ्लेक्टिव टेप लगाने के निर्देश
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। ठंड और कोहरे के बढ़ते असर को देखते हुए यमुना एक्सप्रेसवे पर वाहनों की रफ्तार कम कर दी गई है। अब 25 नवंबर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक एक्सप्रेसवे पर अधिकतम गति सीमा 100 से घटाकर 75 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह फैसला लिया है। पहले आमतौर पर 15 दिसंबर से गति सीमा कम की जाती थी, लेकिन इस बार कोहरा जल्दी शुरू होने के कारण 20 दिन पहले ही नई व्यवस्था लागू की जा रही है।
प्राधिकरण ने एक्सप्रेसवे का संचालन करने वाली कंपनी को नई गति सीमा के संकेतक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही समाचार पत्रों, रेडियो एफएम और टोल प्लाजा पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए वाहन चालकों को जागरूक किया जाएगा। एक्सप्रेसवे के प्रवेश और निकास द्वारों, टोल प्लाजा तथा रोड साइड सुविधाओं पर पंपलेट बांटने के साथ बड़े डिस्प्ले बोर्ड भी लगाए जाएंगे।
प्राधिकरण ने एक्सप्रेसवे पर लगे पुराने साइन बोर्ड और रिफ्लेक्टिव टेप की स्थिति पर भी चिंता जताई है। कई स्थानों पर इनकी चमक कम होने से रात में दृश्यता प्रभावित हो रही है। ऐसे में खराब रिफ्लेक्टिव टेप तत्काल बदलने और प्रवेश व निकास बिंदुओं पर फॉग लाइट लगाने के निर्देश दिए गए हैं। शनिवार, रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दौरान एक्सप्रेसवे पर वाहनों का दबाव बढ़ने को देखते हुए टोल प्लाजा पर भी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने को कहा गया है, ताकि यात्रियों को जाम और टोल भुगतान में परेशानी न हो।
प्राधिकरण ने जेपी इंफ्राटेक को पूर्व में जारी सड़क सुरक्षा संबंधी निर्देशों का भी पालन सुनिश्चित करने और की गई कार्रवाई की रिपोर्ट सौंपने को कहा है। अधिकारियों का मानना है कि गति सीमा में कमी और सुरक्षा इंतजामों से कोहरे के दौरान हादसों का खतरा कम होगा।