Breaking News

कमजोर सीटों पर अमित शाह का फोकस, पूर्वांचल से शुरू होगा भाजपा का मिशन-2027

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल करने की तैयारी में जुटी भाजपा ने अपना चुनावी रोडमैप तैयार करना शुरू कर दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अगले महीने पूर्वांचल से प्रदेश में चुनावी अभियान की शुरुआत कर सकते हैं। उनका दौरा खासतौर पर उन विधानसभा क्षेत्रों पर केंद्रित रहेगा, जहां पार्टी की स्थिति कमजोर मानी जा रही है। संगठन को मजबूत करने और बूथ प्रबंधन दुरुस्त करने के लिए व्यापक रणनीति बनाई गई है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, मिशन-2027 में अमित शाह मुख्य रणनीतिकार की भूमिका निभाएंगे। उनके दौरे के दौरान क्षेत्रीय और जिला स्तर के नेताओं के साथ बैठकें कर संगठन की जमीनी स्थिति का आकलन किया जाएगा। साथ ही जातीय समीकरणों, स्थानीय मुद्दों और विपक्षी दलों की सक्रियता की समीक्षा भी होगी। पूर्वांचल से अभियान शुरू करने के पीछे इस क्षेत्र की राजनीतिक अहमियत और सामाजिक समीकरणों को प्रमुख वजह माना जा रहा है। भाजपा ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर संगठनात्मक निगरानी बढ़ाने की तैयारी की है। इसके लिए 40 पर्यवेक्षक तैनात किए जाएंगे। प्रत्येक दो जिलों के बीच एक पर्यवेक्षक को जिम्मेदारी सौंपने की योजना है। ये पर्यवेक्षक गांवों में चौपाल लगाकर लोगों से संवाद करेंगे और केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी देंगे। साथ ही संगठन की कमजोरियों और जनता की नाराजगी से जुड़े मुद्दों का फीडबैक भी जुटाएंगे। चुनावी तैयारियों को गति देने के लिए वरिष्ठ केंद्रीय नेताओं के प्रदेश में प्रवास की भी योजना है। पार्टी का जोर बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने, नए सामाजिक समीकरण साधने और जनसंपर्क अभियान तेज करने पर रहेगा।
राजनीतिक दृष्टि से अमित शाह का संभावित पूर्वांचल दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा नेतृत्व की कोशिश है कि चुनाव से पहले कमजोर कड़ियों को दुरुस्त कर संगठन को पूरी तरह चुनावी मोड में लाया जाए। हालांकि, दौरे का विस्तृत कार्यक्रम अभी सामने नहीं आया है।

Check Also

मतदाता सूची पुनरीक्षण में पूरी ताकत से जुटें कार्यकर्ता, घर-घर जाकर बढ़ाएं वोट: ब्रजेश पाठक

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को गति देने के उद्देश्य …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *