वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को गति देने के उद्देश्य से गुरुवार को उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। राजभवन कॉलोनी स्थित उप मुख्यमंत्री आवास पर आहूत इस बैठक में लखनऊ कैंट विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। बैठक के दौरान मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण अभियान की महत्ता पर विस्तार से चर्चा करते हुए इसे धरातल पर प्रभावी रूप से सफल बनाने की रणनीति तैयार की गई।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने उपस्थित कार्यकर्ताओं और नागरिकों को भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप मतदाता सूची के पुनरीक्षण, नए मतदाताओं के पंजीकरण और आवश्यक मतदाता फॉर्म भरने की बारीकियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का महापर्व आने वाला है और यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित हो। इसके लिए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करते हुए घर-घर तक पहुंचना आवश्यक है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे पूरी सक्रियता, जिम्मेदारी और समर्पण के साथ इस विशेष अभियान में जुट जाएं। कार्यकर्ताओं को यह सुनिश्चित करना होगा कि क्षेत्र का कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। साथ ही जिन नागरिकों के नाम या पते में कोई त्रुटि है, उन्हें भी आवश्यक संशोधन कराने के लिए जागरूक किया जाए। बैठक में अभियान की सफलता के लिए आपसी समन्वय बनाने, व्यापक जनजागरूकता फैलाने और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समयबद्ध तरीके से कार्य करने पर विशेष जोर दिया गया।