वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आंतरिक सुरक्षा को लेकर केंद्र और प्रदेश सरकार की नीति स्पष्ट है। अब न अपराधियों को अभय मिलेगा, न आतंकियों को अवसर और न ही देश की सुरक्षा से कोई समझौता होगा। बदलती सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए आधुनिक तकनीक, अचूक रणनीति, त्वरित निर्णय और मजबूत टीमवर्क जरूरी है। मुख्यमंत्री ने बुधवार को पुलिस लाइन में एनएसजी और यूपी पुलिस के संयुक्त व्यापक क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस मौके पर उन्होंने एनएसजी कमांडो और यूपी पुलिस के जवानों के आतंकरोधी अभियान, वीआईपी सुरक्षा और बम निरोधक कार्रवाई से जुड़े प्रदर्शन देखे। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण सुरक्षा बलों की तैयारी, आपसी समन्वय और कार्यक्षमता को नई मजबूती देगा। सुरक्षा बलों को हर चुनौती से दस कदम आगे रहने की तैयारी करनी होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी उत्तर प्रदेश दंगों और अराजकता के लिए जाना जाता था, लेकिन अब प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है। पुलिस को आधुनिक संसाधन और तकनीक से लैस किया गया है। सभी 75 जिलों में साइबर थाने खोले गए हैं। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत 15 लाख से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। डायल-112 का रिस्पांस टाइम घटाकर पांच से सात मिनट तक किया गया है। उन्होंने बताया कि माफिया की 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां जब्त और ध्वस्त की गई हैं। प्रदेश में डकैती की घटनाओं में 84 प्रतिशत और लूट में 77 प्रतिशत से अधिक की कमी आई है। एटीएस की 21 फील्ड यूनिट सक्रिय हैं। महिला सुरक्षा के लिए पुलिस में महिलाओं की संख्या 10 हजार से बढ़ाकर 45 हजार की गई है।
योगी ने कहा कि साइबर अपराध, क्रिप्टोकरेंसी, हवाला और डार्क वेब के जरिए देश की सुरक्षा को चुनौती देने वाली ताकतों पर भी प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत अब हर आतंकी हमले का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है। सुरक्षित भारत ही समर्थ भारत की नींव है। इस दौरान अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण, एनएसजी के महानिदेशक भृगु श्रीनिवासन, अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश, एनएसजी के आईजी (ऑपरेशन) मेजर जनरल मुकेश भनवाला, आईजी (एटीएस) प्रेम गौतम आदि मौजूद रहे।