वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
प्रयागराज। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि एक्यूप्रेशर पद्धति को उचित मान्यता दिलाने और चिकित्सा शिक्षा से जोड़ने के लिए प्रदेश सरकार हरसंभव सहयोग करेगी। इस पद्धति का विस्तार होने से उपचार की सुविधाएं बढ़ने के साथ प्रशिक्षित युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। मानव कल्याण से जुड़ी इस उपयोगी विधा को संस्थागत स्वरूप देने की जरूरत है।
उप मुख्यमंत्री बुधवार को प्रयागराज में एमपी खेमका कॉलेज के 28वें राष्ट्रीय एवं चौथे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन और सुपर एडवांस प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग एक्यूप्रेशर पद्धति का लाभ ले रहे हैं। इसे व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने और अधिक लोगों तक पहुंचाने की आवश्यकता है।
केशव मौर्य ने संस्था के पदाधिकारियों से कहा कि एक्यूप्रेशर को मान्यता दिलाने के लिए जरूरी दस्तावेज और औपचारिकताएं पूरी करें। सरकार इस दिशा में सहयोग करेगी। डिप्लोमा और डिग्री पाठ्यक्रम शुरू होने से प्रशिक्षित विशेषज्ञ तैयार किए जा सकेंगे। इससे इस क्षेत्र में रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है। हर साल 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। इसी तरह एक्यूप्रेशर पद्धति को भी व्यापक पहचान दिलाने के प्रयास होने चाहिए। भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा में मानव कल्याण की अनेक संभावनाएं हैं, जिन्हें वैश्विक स्तर तक पहुंचाया जा सकता है।
उप मुख्यमंत्री ने आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ उपयोगी चिकित्सा विधाओं के प्रशिक्षण पर भी ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने चिकित्सकों, पुलिसकर्मियों, मीडिया कर्मियों और सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने प्रयागराज में संचालित संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए इसे और व्यापक स्वरूप देने का आह्वान किया। कहा कि सेवा और समर्पण की भावना से किया गया कार्य मानवता के लिए उपयोगी साबित होगा।
इस अवसर पर इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति राजेश कुमार, एक्यूप्रेशर शोध, प्रशिक्षण एवं उपचार संस्थान के अध्यक्ष प्रो. जे.पी. अग्रवाल, राष्ट्रीय समन्वयक एस.के. गोयल, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान, विधायक दीपक पटेल, MLC सुरेन्द्र चौधरी, ए.के. द्विवेदी, सुशील खरबंदा, सूर्य प्रकाश केसरवानी, मनमोहन फूल, डॉ. प्रकाश खेतान, विक्रम भदौरिया सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं देश-विदेश से आए प्रतिनिधि उपस्थित रहे।