Breaking News

गोसेवा और लोककल्याण था संत रमेश बाबा के जीवन का मुख्य उद्देश्य: मुख्यमंत्री

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
मथुरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बरसाना स्थित मान माता गोशाला पहुंचकर आध्यात्मिक गुरु एवं माताजी गोशाला के संस्थापक ब्रह्मलीन संत पद्मश्री रमेश बाबा को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद गोशाला परिसर में 12 यूनिट वाले निशुल्क डायलिसिस केंद्र का भी विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रमेश बाबा ने समाज को एक बेहद समृद्ध विरासत सौंपी है। उनके जीवन का मुख्य उद्देश्य लोककल्याण, गोसेवा, गोरक्षा, गोसंरक्षण और गोसंवर्धन था। उन्होंने स्वयं अभाव में रहकर भी अपना संपूर्ण जीवन समाज और गोमाता की सेवा के लिए समर्पित कर दिया।
मुख्यमंत्री योगी ने भारतीय सनातन संस्कृति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारी संस्कृति ऋषि और कृषि प्रधान है, और इन दोनों परंपराओं के बीच गोमाता एक मजबूत सेतु का काम करती हैं। उन्होंने संत रमेश बाबा के अनुयायियों और शिष्यों का आह्वान किया कि वे बाबा के अधूरे संकल्पों को पूरा करने के लिए आगे आएं। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि उत्तर प्रदेश सरकार इस पुनीत कार्य में उनके साथ कदम से कदम मिलाकर सहयोग करेगी।
गोशाला परिसर और आसपास के क्षेत्र में हुए सकारात्मक बदलावों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने अपने पुराने संस्मरण भी साझा किए। उन्होंने कहा कि जब वह लगभग नौ-दस वर्ष पहले यहां आए थे, तब चारों तरफ केवल सूखी पहाड़ियां दिखाई देती थीं, लेकिन आज यह पूरा क्षेत्र हरियाली और आध्यात्मिकता से सराबोर है। उन्होंने कहा कि इस पवित्र स्थल के दर्शन करके यह स्पष्ट अनुभूति होती है कि गोमाता पूरे क्षेत्र को तीर्थ बना देती हैं। श्रद्धांजलि सभा के दौरान प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण और तिजारा के विधायक बालक नाथ सहित अनेक संत, गणमान्य नागरिक व श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Check Also

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने की छठ पूजा, प्रदेश की खुशहाली की कामना

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने लोक आस्था और …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *