Breaking News

सांस फूलना नजरअंदाज न करें, समय पर जांच और इन्हेलर से ही संवरेगा सीओपीडी मरीजों का जीवन

– प्रदूषण और धूम्रपान से बढ़ रहा सीओपीडी का खतरा, समय पर जांच से थाम सकते हैं बीमारी
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। सीढ़ियां चढ़ने या थोड़ा चलने पर सांस फूलती है तो इसे उम्र या थकान का असर समझकर नजरअंदाज न करें। यह फेफड़ों की गंभीर बीमारी क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (सीओपीडी) का शुरुआती संकेत हो सकता है। विश्व सीओपीडी दिवस की पूर्व संध्या पर केजीएमयू के पल्मोनरी एवं क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग के अध्यक्ष प्रो. डॉ. वेद प्रकाश ने लोगों को समय पर जांच और इलाज कराने की सलाह दी।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष विश्व सीओपीडी दिवस की थीम ‘बीमारी की जल्द पहचान एवं इलाज से जीवन होगा बेहतर’ है। सीओपीडी दुनिया में मृत्यु का तीसरा सबसे बड़ा कारण है। भारत में साढ़े पांच करोड़ से अधिक लोग इससे प्रभावित हैं, जबकि दुनियाभर में मरीजों की संख्या 50 करोड़ से अधिक है। देश में करीब 40 प्रतिशत मामलों के लिए धूम्रपान जिम्मेदार है। इसके अलावा चूल्हे पर लकड़ी, कंडे और उपले जलाने से निकलने वाला धुआं तथा वायु प्रदूषण भी बीमारी का खतरा बढ़ा रहा है। इससे महिलाएं और धूम्रपान नहीं करने वाले लोग भी प्रभावित हो रहे हैं।
प्रो. वेद प्रकाश के मुताबिक पुरानी खांसी, सांस लेने में परेशानी, सीने में जकड़न, घरघराहट और बिना वजह वजन घटना सीओपीडी के प्रमुख लक्षण हैं। समय पर उपचार नहीं मिलने पर हृदय संबंधी बीमारियों और मधुमेह के साथ मरीज की परेशानी बढ़ सकती है।
उन्होंने कहा कि सीओपीडी के इलाज में इन्हेलर सुरक्षित और प्रभावी माध्यम हैं। इन्हेलर को लेकर फैली भ्रांतियों के कारण मरीज इलाज से न बचें। नियमित दवाओं और चिकित्सकीय सलाह का पालन करने से बीमारी के गंभीर दौरों का खतरा कम किया जा सकता है। धूम्रपान छोड़ना और प्रदूषण से बचाव भी जरूरी है। समय पर पहचान और उचित उपचार से मरीज बेहतर जीवन जी सकते हैं।
प्रेस वार्ता में प्रो. राजेन्द्र प्रसाद, प्रो. आरएएस कुशवाहा, प्रो. अनिल गुप्ता, प्रो. सुधीर मिश्रा और प्रो. अनुराग राय समेत कई चिकित्सक मौजूद रहे।

Check Also

आरएमएलआईएमएस में एआई से आसान होंगे इलाज और अस्पताल के कामकाज

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (आरएमएलआईएमएस) में स्वास्थ्य …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *