Breaking News

नर्सिंग विद्यार्थियों ने पराग डेयरी में सीखी दूध की गुणवत्ता जांच और खाद्य सुरक्षा की बारीकियां

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के कॉलेज ऑफ नर्सिंग के विद्यार्थियों ने मंगलवार को पराग डेयरी का शैक्षणिक भ्रमण कर दूध के संग्रहण, प्रसंस्करण, गुणवत्ता परीक्षण और पाश्चुरीकरण की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। सामुदायिक स्वास्थ्य नर्सिंग विभाग की ओर से बीएससी नर्सिंग पंचम सेमेस्टर (2024 बैच) के विद्यार्थियों के लिए यह भ्रमण आयोजित किया गया।
कॉलेज ऑफ नर्सिंग के प्राचार्य प्रो. शिव कुमार मुडगल के मार्गदर्शन में आयोजित भ्रमण में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. नवीन जेएच, ट्यूटर जयवर्धन सिंह और नर्सिंग ऑफिसर मधुसूदन ने विद्यार्थियों का पर्यवेक्षण किया। पराग डेयरी की ओर से एसपी यादव ने विद्यार्थियों को डेयरी की विभिन्न कार्यप्रणालियों से परिचित कराया। उन्होंने बताया कि कच्चे दूध के संग्रहण से लेकर गुणवत्ता परीक्षण और सुरक्षित प्रसंस्करण तक किन प्रक्रियाओं का पालन किया जाता है, ताकि उपभोक्ताओं तक शुद्ध एवं सुरक्षित दूध पहुंच सके। इस दौरान विद्यार्थियों को खाद्य स्वच्छता, जनस्वास्थ्य पोषण और दूध के माध्यम से फैलने वाले संक्रामक रोगों की रोकथाम के बारे में व्यावहारिक जानकारी दी गई। डेयरी विशेषज्ञों ने पाश्चुरीकरण की प्रक्रिया समझाते हुए बताया कि सुरक्षित दूध की आपूर्ति में गुणवत्ता जांच और निर्धारित मानकों का पालन बेहद जरूरी है। विद्यार्थियों ने खाद्य सुरक्षा अधिनियमों, खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान तथा व्यक्तिगत और पर्यावरणीय स्वच्छता के महत्व को भी समझा। उन्हें खाद्य जनित बीमारियों से बचाव और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में पोषण स्तर सुधारने के लिए जनस्वास्थ्य शिक्षा की भूमिका बताई गई।
संस्थान के अधिकारियों के मुताबिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को सामुदायिक स्वास्थ्य नर्सिंग के व्यावहारिक पहलुओं से जोड़ना था, ताकि वे भविष्य में समुदाय के बीच खाद्य एवं पोषण सुरक्षा और निवारक स्वास्थ्य देखभाल के प्रति जागरूकता बढ़ाने में प्रभावी भूमिका निभा सकें। यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक रहा।

Check Also

अधिवक्ता सुरक्षा कानून की मांग पर सड़कों पर उतरे वकील, बैरिकेडिंग तोड़ विधानसभा की ओर बढ़े

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करने की मांग को लेकर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *